जौनपुर-वाराणसी हत्याकांड पर अजय राय का सरकार पर हमला, पीड़ित परिवारों से की मुलाकात

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को जौनपुर और वाराणसी का दौरा कर हालिया हत्याओं के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी।

इस दौरान उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह विफल करार देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

अजय राय सबसे पहले जौनपुर के टेकारी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने स्वर्गीय संदीप सिंह के परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की। संदीप सिंह लखनऊ में प्रॉपर्टी व्यवसाय से जुड़े थे और कुछ दिन पहले बदमाशों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी।

इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष वाराणसी के चन्द्रिका नगर (सिगरा) पहुंचे, जहां उन्होंने गाजीपुर के होटल व्यवसायी आलोक राय के पुत्र स्वर्गीय विनीत राय के परिजनों से मुलाकात की।

विनीत राय की भी हाल ही में बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अजय राय ने पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही हत्याएं बेहद चिंताजनक हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार कानून व्यवस्था को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा करती है, लेकिन जमीनी सच्चाई इससे कोसों दूर है।

अजय राय ने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट और अन्य जघन्य अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और अपराधियों के मन में कानून का कोई डर नहीं रह गया है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार कानून व्यवस्था के नाम पर केवल प्रचार कर रही है, जबकि आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

जौनपुर और गाजीपुर की ये घटनाएं इस बात का प्रमाण हैं कि प्रदेश में अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। उन्होंने सरकार से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पीड़ित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।

Also Read: Lucknow News: STF को मिली बड़ी सफलता, फर्जी आयुष्मान कार्ड गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.