बरेली पुलिस रैंकिंग में बहेड़ी सर्किल और थाना अव्वल, उत्तरी क्षेत्र बना बेस्ट पुलिस जोन
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, जनता की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा पुलिसिंग की कार्यक्षमता में निरंतर सुधार लाने के उद्देश्य से एक बेहतरीन प्रशासनिक पहल की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बरेली की मासिक मूल्यांकन प्रणाली के अंतर्गत मई 2026 के कार्यों की समीक्षा रिपोर्ट जारी कर दी गई है। विभिन्न कड़े मानकों पर खरे उतरते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले थानों, सर्किलों और पुलिस क्षेत्रों को एसएसपी बरेली द्वारा विशेष प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया है।

मूल्यांकन के कड़े मानकों में बहेड़ी सर्किल और उत्तरी क्षेत्र ने मारी बाजी
पुलिस महकमे की इस रैंकिंग को तय करने के लिए जनसुनवाई, आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों का निवारण, अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की धरपकड़, अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी, साइबर हेल्पडेस्क की सक्रियता, गैंगस्टर व एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई बड़ी कार्रवाइयाँ तथा थानों के रख-रखाव जैसे कई महत्वपूर्ण बिंदुओं को आधार बनाया गया था।
इस त्रिस्तरीय मूल्यांकन में जनपद के कुल 29 थानों, 09 सर्किलों और तीनों मुख्य पुलिस क्षेत्रों (नगर, उत्तरी और दक्षिणी) की कार्यप्रणाली को परखा गया। मई महीने की अंतिम रिपोर्ट के अनुसार, उत्तरी क्षेत्र ने 1799 अंकों के साथ सर्वश्रेष्ठ पुलिस क्षेत्र का खिताब अपने नाम किया, जबकि बहेड़ी सर्किल 3260 अंकों के साथ जनपद का सर्वश्रेष्ठ पुलिस सर्किल घोषित हुआ।

टॉप-5 में बहेड़ी और शीशगढ़ का दबदबा
थानावार प्रदर्शन की बात करें तो बहेड़ी कोतवाली का जलवा देखने को मिला। जिले के शीर्ष पांच सर्वश्रेष्ठ थानों की रैंकिंग इस प्रकार रही।
थाना बहेड़ी: 4853 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहा।
थाना शीशगढ़: 4796 अंकों के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया।
थाना बारादरी: 3315 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
थाना देवरनियां: 2814 अंकों के साथ चौथा स्थान मिला।
थाना शाही: 2738 अंकों के साथ पांचवें पायदान पर रहा।
पुरस्कार वितरण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी सम्मानित अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी निष्ठा से जनसेवा करने के लिए प्रेरित किया। बरेली पुलिस के अनुसार, इस मूल्यांकन प्रणाली से विभाग के भीतर एक स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और जवाबदेही की भावना पैदा हो रही है, जिससे पुलिसिंग का स्तर सुधरेगा और आमजन का विश्वास मजबूत होगा।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: अब आसान नहीं विदेशी लीग का रास्ता, संन्यास लेने वाले खिलाड़ियों पर सख्ती की तैयारी में BCCI

