खान सर ने सिविल कोर्ट में किया सरेंडर, आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज है केस
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की राजधानी पटना से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) संस्थान में हुई हिंसक झड़प और कथित तौर पर गोलीबारी के मामले में देश के प्रसिद्ध शिक्षक ‘खान सर’ ने पटना सिविल कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। कोचिंग विवाद में नाम सामने आने के बाद से ही पुलिस उनकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी। खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित कई अन्य गंभीर आपराधिक धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसके बाद उन्होंने कोर्ट के सामने सरेंडर करने का फैसला किया।
गार्डों पर फायरिंग का आरोप, जांच के बाद नामजद हुए खान सर
पुलिस प्रशासन के मुताबिक, मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग संस्थान में हुई तोड़फोड़ और फायरिंग की वारदात की गहराई से जांच की जा रही थी। इस तफ्तीश के दौरान यह बात सामने आई कि फायरिंग की घटना में खान सर के निजी सुरक्षा गार्डों की सक्रिय भूमिका थी। पुलिस इस मामले में पहले ही उनके दो सुरक्षा गार्डों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत (जेल) में भेज चुकी है। सुरक्षाकर्मियों की संलिप्तता मिलने और शुरुआती सबूतों के आधार पर पुलिस ने खान सर को भी इस पूरे घटनाक्रम में नामजद आरोपी बनाया था।
कोर्ट में सरेंडर करने से ठीक पहले, शुक्रवार की रात पुलिस की एक विशेष टीम खान सर को गिरफ्तार करने के उद्देश्य से उनके कोचिंग सेंटर पर पहुंची थी। हालांकि, खान सर उस समय वहां मौजूद नहीं मिले। इसी बीच पुलिसिया कार्रवाई की भनक लगते ही कोचिंग परिसर में हजारों की संख्या में छात्र एकजुट हो गए और पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बरतते हुए प्रदर्शनकारी छात्रों को परिसर और उसके आसपास के पूरे इलाके से खदेड़ा गया।
Also Read: Ghaziabad News: ओमकार हत्याकांड में 50 हजार का इनामी गौरव मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

