UP Panchayat Elections 2026: यूपी में रिकॉर्ड वोटर की बढ़ोतरी, फाइनल लिस्ट हुई जारी

UP Panchayat Elections 2026: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025-26 की Final Voter List जारी कर दी है। लंबे समय तक चले पुनरीक्षण, दावे-आपत्तियों के निस्तारण और सत्यापन प्रक्रिया के बाद जारी सूची में प्रदेश के मतदाताओं की संख्या में बड़ा इजाफा दर्ज किया गया है। फाइनल लिस्ट आने के साथ ही पंचायत चुनाव की तैयारियों ने भी रफ्तार पकड़ ली है।

आयोग के अनुसार प्रदेश में अब कुल 12 करोड़ 58 लाख 51 हजार 570 मतदाता दर्ज किए गए हैं। पुनरीक्षण अभियान के दौरान 1 करोड़ 81 लाख 96 हजार 367 नए वोटर सूची में जोड़े गए, जबकि 1 करोड़ 41 लाख 76 हजार 809 नाम विभिन्न कारणों से हटाए गए। इस तरह प्रदेश में मतदाताओं की संख्या में 40 लाख 19 हजार 558 की शुद्ध बढ़ोतरी हुई है।

प्रदेश के बड़े जिलों की बात करें तो प्रयागराज में सबसे अधिक 34 लाख 95 हजार 203, गोरखपुर में 29 लाख 63 हजार 142, वाराणसी में 17 लाख 93 हजार 504 और लखनऊ में 10 लाख 85 हजार 180 मतदाता दर्ज किए गए हैं। यह आंकड़े आगामी पंचायत चुनाव में बड़े राजनीतिक मुकाबले का संकेत भी दे रहे हैं।

UP Panchayat Elections की तैयारी तेज

फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के बाद पंचायत चुनाव कराने की प्रक्रिया को और गति मिलने की उम्मीद है। हालांकि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अभी तक चुनाव कार्यक्रम (Election Schedule) घोषित नहीं किया गया है। पंचायत प्रतिनिधियों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद सरकार ने वर्तमान प्रधानों को छह महीने तक प्रशासक के रूप में जिम्मेदारी सौंपी हुई है।

वहीं पंचायत चुनाव में OBC Reservation को लेकर गठित पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। आयोग जिलावार सामाजिक और आर्थिक सर्वेक्षण के आधार पर अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंपेगा। माना जा रहा है कि रिपोर्ट मिलते ही आरक्षण की तस्वीर साफ होगी और चुनावी प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच जाएगी।

इस बीच कई जिलों में मतदाता सूची डाउनलोड करने में तकनीकी दिक्कतों की शिकायतें भी सामने आई हैं। निर्वाचन विभाग का कहना है कि पोर्टल पर आ रही समस्याओं को जल्द दूर किया जाएगा ताकि मतदाता आसानी से अपना नाम सूची में देख सकें।

Also Read: UP: प्रदेश में 10 Industrial Township बनाने का ऐलान, केंद्र सरकार देगी फंड

Get real time updates directly on you device, subscribe now.