Bareilly News: एनकाउंटर के बाद गिरफ्तारी, नोटों की माला चोरी करने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, एक घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद बरेली के थाना अलीगंज पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान थाना अलीगंज और थाना सिरौली क्षेत्र में नोटों की माला चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, 9 जून 2026 को थाना सिरौली क्षेत्र में एक दुकान से नोटों की माला चोरी की सूचना पर मुकदमा संख्या 188/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इसी दिन थाना अलीगंज क्षेत्र में भी एक दुकान से 20 रुपये के नोटों की गड्डी और नोटों का हार चोरी होने पर मुकदमा संख्या 135/26 धारा 303(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया।
दोनों घटनाओं के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें दोनों वारदातों में एक ही बाइक और वही आरोपी शामिल पाए गए।
11 जून 2026 की भोर (करीब 3:50 बजे) थाना अलीगंज पुलिस टीम अलीगंज–सिरौली मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सिरौली की ओर से आ रही एक बाइक पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का इशारा किया गया।
बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल मलिक पुत्र छोटे खान (निवासी ग्राम बिचोटा काजी, थाना कुड फतेहगढ़, जनपद संभल) और धर्मेंद्र कुमार पुत्र रामवीर सिंह यादव (निवासी ग्राम फिरोजपुर बोदा, थाना कुड फतेहगढ़, जनपद संभल) के रूप में हुई है।
बरामदगी:
- एक अवैध तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस
- थाना अलीगंज की घटना से संबंधित नोटों की माला (₹5,000)
- थाना सिरौली की घटना से संबंधित नोटों की माला (₹2,100)
- घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक (धर्मेंद्र के नाम पंजीकृत)
घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मुठभेड़ से संबंधित धाराओं में अलग से अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। साथ ही दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
Also Read: UP: 13 लाख माफ किए चालानों की फिर से होगी जांच, 4 लाख लोगों को भरना होगा जुर्माना!

