TMC को लगा एक और बड़ा झटका, राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक ने दिया इस्तीफा

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) में सियासी उथल-पुथल थमने का नाम नहीं ले रही है।

पार्टी को एक और बड़ा झटका देते हुए राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक ने अपनी राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

उनके इस फैसले से पार्टी के भीतर जारी असंतोष एक बार फिर खुलकर सामने आ गया है।

प्रकाश चिक बराइक से पहले TMC के दो अन्य वरिष्ठ राज्यसभा सांसद—सुखेंदु शेखर रॉय और सुष्मिता देव—भी संसद के उच्च सदन से इस्तीफा दे चुके हैं।

एक के बाद एक तीन बड़े इस्तीफों से राज्यसभा में तृणमूल कांग्रेस की ताकत को बड़ा झटका लगा है। बराइक के इस्तीफे के बाद अब उच्च सदन में TMC के सांसदों की संख्या घटकर सिर्फ 10 रह गई है।

आने वाले दिनों में बढ़ सकती हैं मुश्किलें

राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, पार्टी के भीतर असंतोष अभी खत्म नहीं हुआ है। चर्चाएं हैं कि आने वाले एक हफ्ते में TMC के तीन और राज्यसभा सांसद इस्तीफा दे सकते हैं।

यदि ऐसा होता है, तो संसद में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी की स्थिति और कमजोर हो सकती है।

फिलहाल इन इस्तीफों के पीछे के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए हैं, लेकिन विपक्षी दल इसे तृणमूल कांग्रेस के भीतर बढ़ती कलह और नेतृत्व संकट से जोड़कर देख रहे हैं।

पहले भी लगे हैं बड़े झटके

गौरतलब है कि इसी हफ्ते राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने न सिर्फ संसद, बल्कि पार्टी से भी इस्तीफा दे दिया था। उनसे पहले वरिष्ठ नेता सुखेंदु शेखर रॉय भी पार्टी और राज्यसभा छोड़ चुके हैं।

2021 में कांग्रेस छोड़कर TMC में शामिल हुईं सुष्मिता देव ने अपने इस्तीफे को निजी फैसला बताया था और भविष्य की योजनाओं पर कोई टिप्पणी नहीं की थी।

विधानसभा से संसद तक संकट

प्रकाश चिक बराइक का इस्तीफा ऐसे समय आया है, जब पश्चिम बंगाल में चुनावी हार और बगावत के चलते पार्टी पहले से ही दबाव में है।

हाल ही में पश्चिम बंगाल विधानसभा में TMC के दो-तिहाई से अधिक विधायकों ने आधिकारिक दल से अलग होकर एक बागी गुट बनाया था, जिसने खुद को मुख्य विपक्षी गुट के रूप में मान्यता दिलाने का दावा किया।

इसके बाद यह संकट संसद तक पहुंचा, जहां लोकसभा में भी बगावत के सुर सुनाई देने लगे। हाल के घटनाक्रमों से साफ है कि तृणमूल कांग्रेस इस समय अपने सबसे कठिन राजनीतिक दौर से गुजर रही है।

Also Read: Singer गुरु रंधावा के जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, सलमान खान से निकला कनेक्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.