Singer गुरु रंधावा के जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, सलमान खान से निकला कनेक्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा के जिम पर बुधवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में स्थित ‘24HS फिटनेस दिल्ली’ नामक जिम को निशाना बनाया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई। राहत की बात यह रही कि फायरिंग के समय गुरु रंधावा जिम में मौजूद नहीं थे।
मामले में कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े अनिल पंडित (USA) ने सोशल मीडिया पर पोस्ट और ऑडियो नोट के जरिए फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।
पोस्ट में कहा गया कि यह कार्रवाई इसलिए की गई क्योंकि गुरु रंधावा अभिनेता सलमान खान के करीबी बताए जाते हैं। दावा किया गया कि पहले भी उन्हें सलमान खान से दूरी बनाने की चेतावनी दी गई थी।
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में अनिल पंडित ने लिखा कि “(24HS फिटनेस दिल्ली) गुरु रंधावा की जिम पर हुई फायरिंग हमने की है।
सलमान खान हमारा दुश्मन है और जो भी उसके करीब होगा, उसे चेतावनी दी जाती रहेगी।” पोस्ट में आगे धमकी भरे शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है।

पुलिस जांच में जुटी
घटना के बाद पुलिस जिम के मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फायरिंग में इस्तेमाल हथियार कौन-सा था और हमलावर किस दिशा में फरार हुए।
सलमान खान से जुड़ा पुराना विवाद
गौरतलब है कि काला हिरण शिकार मामले के चलते लॉरेंस बिश्नोई गैंग लंबे समय से सलमान खान को धमकियां देता रहा है।
अभिनेता के घर के बाहर पहले भी फायरिंग की घटना हो चुकी है, जिसके बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। अब सलमान खान से जुड़े या उनके करीबी माने जाने वाले लोगों को निशाना बनाए जाने की आशंका जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Also Read: Manipur में फिर भड़की हिंसा, 28 दिन बाद 6 नागा लोगों के शव मिलने से मचा बवाल

