लखनऊ पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी के अध्यक्ष, इको गार्डन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन की मिली इजाजत
Lucknow News: सोशल मीडिया पर इन दिनों सबसे ज्यादा चर्चा बटोर रही कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके गुरुवार देर रात पुणे से लखनऊ पहुंच गए हैं। लखनऊ के इको गार्डन में आज होने वाले पार्टी के बड़े प्रदर्शन को जिला प्रशासन और पुलिस ने आधिकारिक मंजूरी दे दी है। प्रशासन की ओर से प्रदर्शन के लिए सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है।
शांतिपूर्ण आंदोलन का भरोसा
तय कार्यक्रम के मुताबिक, अभिजीत दीपके गुरुवार देर रात इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट (6E-338) से चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे। एयरपोर्ट पर टीम इंडिया की जर्सी पहने नजर आए दीपके ने मीडिया से बातचीत में कहा, हमारा उद्देश्य पूरी तरह लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से युवाओं की मांगों और मुद्दों को सरकार के सामने रखना है। हम दिल्ली और पुणे की तरह ही लखनऊ में भी अनुशासित प्रदर्शन करेंगे। लोकतंत्र में अपनी बात रखना हमारा संवैधानिक अधिकार है। एयरपोर्ट से बाहर निकलने के बाद वे अपनी इनोवा क्रिस्टा कार से गंतव्य के लिए रवाना हो गए। उनके आगमन को देखते हुए स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
इको गार्डन छावनी में तब्दील
आज सुबह से ही इको गार्डन में राज्य भर से युवाओं का जुटना शुरू हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। जवान लाठियों, हेलमेट और बुलेटप्रूफ जैकेट के साथ मुस्तैद हैं। इसी बीच सुबह-सुबह इको गार्डन पहुंचे कुछ युवकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर प्रदर्शन में शामिल होने आ रहे अन्य युवाओं से अपील की है। वीडियो में कहा गया है कि कोई भी प्रदर्शनकारी सरकारी संपत्ति को नुकसान न पहुंचाए और न ही कोई यहाँ अपना राजनीतिक एजेंडा सेट करे। यह आंदोलन सिर्फ और सिर्फ युवाओं के वास्तविक मुद्दों के लिए है।
Also Read: Railway Recruitment: रेलवे में नौकरी का मौका! ALP भर्ती के लिए 14 जून आखिरी तारीख

