लोकसभा में 360 सीटों के लक्ष्य पर NDA, TMC के बाद अब उद्धव गुट में टूट के संकेत

Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में अपनी ताकत और बढ़ाने की कोशिशों में जुटे एनडीए (NDA) की नजर अब दो-तिहाई बहुमत के अहम आंकड़े पर है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) में बगावत की अटकलों के बीच अब महाराष्ट्र की राजनीति से भी बड़े घटनाक्रम के संकेत मिल रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक उद्धव ठाकरे की अगुवाई वाली शिवसेना (UBT) के कुछ सांसद पार्टी छोड़ सकते हैं, जिससे विपक्षी खेमे की चिंता बढ़ गई है।

सूत्रों के अनुसार, लोकसभा में मौजूद शिवसेना (UBT) के 9 सांसदों में से कम से कम 6 सांसद एक साथ पाला बदलने की तैयारी में बताए जा रहे हैं। यदि ऐसा होता है तो दल-बदल कानून के तहत उनकी सदस्यता पर खतरा नहीं रहेगा। माना जा रहा है कि ये सांसद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री Eknath Shinde के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थाम सकते हैं।

महाराष्ट्र में कमजोर पड़ रहा उद्धव गुट?

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में NDA की बड़ी जीत के बाद से ही उद्धव ठाकरे गुट में असंतोष की चर्चाएं चल रही हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शिंदे लगातार संगठन और जनाधार दोनों स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत कर रहे हैं। इसी वजह से कई नेता और कार्यकर्ता भी उनके साथ जा चुके हैं। ऐसे में उद्धव ठाकरे का प्रभाव अब मुख्य रूप से मुंबई और आसपास के क्षेत्रों तक सीमित होने की चर्चा तेज हो गई है।

360 सीटों के आंकड़े पर NDA की नजर

लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं और तीन सीटें रिक्त हैं। दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 सांसदों का समर्थन जरूरी माना जाता है। बीजेपी नेतृत्व वाला NDA इसी लक्ष्य को ध्यान में रखकर विपक्षी दलों के सांसदों को अपने पाले में लाने की रणनीति पर काम कर रहा है।

TMC के बाद बढ़ी अटकलें

हाल ही में टीएमसी के एक कथित बागी गुट द्वारा कई सांसदों के समर्थन का दावा किए जाने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया था। अब शिवसेना (UBT) को लेकर सामने आ रही खबरों ने विपक्षी गठबंधन की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। हालांकि अभी तक उद्धव ठाकरे गुट या संबंधित सांसदों की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Also Read: G7 से पहले राहुल गांधी का PM पर वार, बोले- भारतीयों की मौत पर क्यों खामोश हैं मोदी?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.