Etah: पत्नी को घुमाने के बहाने ले गया, फिर कर दी हत्या, 4 साल बाद सामने आई खौफनाक सच्चाई

Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में चार साल पुरानी गुमशुदगी का मामला आखिरकार हत्या में बदल गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि एक पति ने अपनी पत्नी पर अवैध संबंधों का शक होने के कारण उसकी हत्या कर दी थी और फिर अपने साथी के साथ मिलकर शव को नदी किनारे दफना दिया था। अब आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कंकाल बरामद कर मामले का पर्दाफाश किया है।

मामला Etah के मिरहची थाना क्षेत्र के सुपैती गांव का है। वर्ष 2022 में चंद्रवती नाम की महिला अपने पति मंजेश के साथ घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। उस समय महिला के भाई ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस लगातार तलाश करती रही, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

हाल ही में परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए दोबारा शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की।

पूछताछ में टूटा पति, उगल दिया हत्या का सच

पुलिस की सख्त पूछताछ में पति मंजेश ने कबूल किया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था। इसी वजह से उसने अपने साथी सौदान के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

आरोपियों ने पहले महिला को घुमाने के बहाने घर से बाहर निकाला। फिर सुनसान इलाके में ले जाकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को हाथरस जिले में ईशन नदी के किनारे पहले से खोदे गए गड्ढे में दफना दिया।

चार साल बाद मिला कंकाल

पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां उनकी निशानदेही पर जमीन खोदी गई। वहां से महिला का कंकाल बरामद हुआ, जिसे पोस्टमार्टम और डीएनए जांच के लिए भेज दिया गया है।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हत्या से पहले ही शव ठिकाने लगाने के लिए गड्ढा खोद रखा था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी सामान्य जीवन जीते रहे और परिवार के अन्य लोगों को भी घटना की भनक नहीं लगने दी।

पुलिस क्या बोली?

एएसपी श्वेताभ पांडेय ने बताया कि चार साल पहले दर्ज गुमशुदगी के मामले का खुलासा कर दिया गया है। महिला की हत्या उसके पति ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। बरामद कंकाल का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: Banda: लड़की ने दलित युवक से की शादी, नाराज पिता ने थाने के अंदर बेटी को उतारा मौत के घाट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.