Banda: लड़की ने दलित युवक से की शादी, नाराज पिता ने थाने के अंदर बेटी को उतारा मौत के घाट
Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदौसा थाना परिसर में ही एक पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
Banda जिले के बदौसा कस्बे की रहने वाली शिवानी 18 मई को अपने प्रेमी ललित वर्मा के साथ घर छोड़कर चली गई थी। युवती के परिजनों ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसी बीच दोनों ने मंदिर और रजिस्ट्रार कार्यालय में शादी कर ली।
पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार सुबह मध्य प्रदेश के सतना जिले से दोनों को बरामद कर बांदा लाया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने शादी के दस्तावेज भी पुलिस को दिखाए।
थाने में ही हुआ खूनी हमला
युवक-युवती के मिलने की सूचना पर दोनों पक्षों के परिजन भी थाने पहुंच गए। बताया जा रहा है कि परिजन युवती को समझाने और अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन शिवानी अपने पति ललित के साथ रहने की जिद पर अड़ी रही।

इसी बात से नाराज होकर माहौल अचानक बिगड़ गया। आरोप है कि युवती की मां ने उसे पकड़ लिया, जबकि पिता ने चाकू निकालकर उस पर कई वार कर दिए। हमला इतना तेज था कि युवती गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने तुरंत घायल युवती को Banda के अतर्रा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज बांदा रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्राधिकारी अतर्रा प्रतिज्ञा सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि थाना परिसर में इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई।
Also Read: Bahraich: बहू का आरोप- ससुर ने तमंचे के बल पर किया रेप, फिर पति ने फोन पर दिया तलाक

