Bareilly News: गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, दो अन्य सहयोगियों पर भी केस दर्ज

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में मादक पदार्थों और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किला थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक शातिर ड्रग तस्कर को 625 ग्राम अवैध गांजे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान मिलक नवदिया थाना किला, बरेली निवासी 25 वर्षीय सलमान खान पुत्र कय्यूम खान के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में सलमान के अलावा उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

श्मशान भूमि फाटक के पास से हुई गिरफ्तारी

थाना प्रभारी अचल कुमार के नेतृत्व में किला थाना पुलिस की टीम मंगलवार, 16 जून को क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान दोपहर करीब 2:48 बजे पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने श्मशान भूमि फाटक से कुछ दूरी पर स्थित एक टीले के पास से संदिग्ध हालत में खड़े सलमान खान को दबोच लिया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके कब्जे से 625 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।

पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे नशा

पुलिस की कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी सलमान खान ने अपने पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। उसने कुबूल किया कि वह बरामद गांजे को छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर राहगीरों और स्थानीय युवाओं को बेचता था। सलमान ने पुलिस को बताया कि वह यह माल अपने ही गांव मिलक नवादिया के रहने वाले दो अन्य तस्करों शाहरुख पुत्र मोहम्मद यासीन और रिजवान पुत्र मोहम्मद मियां से खरीदता था। इसके बाद जो भी मुनाफा होता था, उसे ये तीनों आपस में बांट लेते थे।

बरामदगी और मुख्य आरोपी के बयान के आधार पर किला थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत तीनों आरोपियों सलमान खान, शाहरुख और रिजवान के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्त सलमान खान को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा, जबकि मामले में नामजद फरार आरोपी शाहरुख और रिजवान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अचल कुमार के साथ उपनिरीक्षक वकार अहमद, एसआई राहुल कुमार, एसआई अमरजीत सिंह, कांस्टेबल नरेश, कांस्टेबल दीपचन्द और रिक्रूट कांस्टेबल विकास कुमार शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: ‘लगान’ ने करियर बनाया नहीं बिगाड़ दिया, बाघा फेम अमीन हाजी का बड़ा खुलासा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.