खाने के बाद चाय पीना पड़ सकता है भारी, बढ़ सकता है एनीमिया और डायबिटीज का खतरा
Health Tips: भारत में चाय सिर्फ एक पेय नहीं बल्कि रोजमर्रा की आदत बन चुकी है। सुबह उठते ही, काम के बीच में, शाम को और कई लोग रात के खाने के बाद भी चाय पीना पसंद करते हैं। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि चाय पीना गलत नहीं है, बल्कि गलत समय पर पीना शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। आहार मार्गदर्शक समिति के संयोजक डॉ. डी रघुनाथ राव के अनुसार, खाने के तुरंत बाद चाय पीना शरीर को बीमारियों की ओर ले जा सकता है।
चाय में क्या होता है और क्यों करती है नुकसान
चाय में कैफीन, टैनिन, एंटीऑक्सीडेंट्स (पॉलीफेनॉल्स), एल-थियानिन और कई खनिज तत्व पाए जाते हैं। लेकिन इनमें मौजूद कैफीन और टैनिन शरीर में पोषक तत्वों के अवशोषण को प्रभावित करते हैं, खासकर आयरन के स्तर को। यही कारण है कि खाने के बाद चाय पीने से शरीर को भोजन से मिलने वाले जरूरी पोषक तत्व पूरी तरह नहीं मिल पाते।

डॉक्टर राव बताते हैं कि यदि खाने के तुरंत बाद चाय पी जाए, तो भोजन से मिलने वाले पोषक तत्व सही तरह शरीर में नहीं लग पाते। टैनिन और कैफीन मिलकर पोषण को प्रभावित करते हैं, जिससे लंबे समय में शरीर में कमजोरी आ सकती है। यह आदत रोजाना जारी रहे तो पेट में भारीपन, गैस, अपच, कब्ज और एसिडिटी जैसी समस्याएं आम हो जाती हैं।
गंभीर बीमारियों का बढ़ता खतरा
विशेषज्ञों के अनुसार, चाय में मौजूद टैनिन शरीर में आयरन के अवशोषण को कम कर देता है, जिससे खून की कमी यानी एनीमिया का खतरा बढ़ सकता है। वहीं, दूध और चीनी वाली चाय ज्यादा पीने से अतिरिक्त कैलोरी और शुगर शरीर में जमा होती है, जिससे वजन बढ़ने और डायबिटीज का जोखिम बढ़ जाता है। कैफीन शरीर के स्ट्रेस हार्मोन को भी प्रभावित करता है, जिससे ऊर्जा स्तर असंतुलित हो सकता है।

पाचन तंत्र पर असर
लगातार खाने के बाद चाय पीने की आदत से पाचन तंत्र कमजोर हो सकता है। इससे भारी भोजन के बाद पेट दर्द, गैस और अपच की समस्या बनी रहती है। डॉक्टरों का कहना है कि यह आदत धीरे-धीरे पाचन प्रक्रिया को धीमा कर देती है और शरीर की क्षमता को प्रभावित करती है।

