“शादी से पहले लिव-इन जरूरी है”, 74 साल की जीनत अमान की बेबाक राय ने छेड़ी नई बहस
Bollywood News: हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने शादी और रिश्तों को लेकर अपनी बेबाक राय एक बार फिर खुलकर रखी है।
74 वर्ष की उम्र में भी आधुनिक सोच के लिए पहचानी जाने वाली जीनत अमान ने शादी से पहले लिव-इन रिलेशनशिप को जरूरी बताया है।
उनका कहना है कि कानूनी तौर पर विवाह के बंधन में बंधने से पहले पार्टनर के साथ रहकर आपसी समझ और कंपैटिबिलिटी को परखना बेहद अहम है।
यूट्यूब चैनल ‘फ्लिप द स्क्रिप्ट विद शुभ्रा’ से बातचीत में जीनत अमान ने कहा कि आज के दौर में ही नहीं, बल्कि अतीत में भी कोई चीज स्थायी नहीं रही है।
ऐसे में शादी से पहले यह समझना जरूरी है कि दो लोग मानसिक और भावनात्मक रूप से एक-दूसरे के लिए सही हैं या नहीं।
उन्होंने कहा कि अगर बच्चे पैदा करने की योजना है, तो उनकी परवरिश कैसे होगी, पैसों को लेकर सोच क्या है और जीवन के बड़े फैसलों पर दोनों की राय कितनी मेल खाती है—इन सभी पहलुओं पर पहले ही स्पष्टता होनी चाहिए।

अभिनेत्री ने सवालिया लहजे में कहा, “अगर दो लोगों के बीच तालमेल ही नहीं है, तो ऐसे रिश्ते का क्या फायदा? क्या आप 15 साल की तकलीफ भरी जिंदगी जीना चाहेंगे या 5 साल की खुशहाल जिंदगी?”
उनका मानना है कि असफल रिश्ते में लंबे समय तक बने रहने के बजाय समय रहते सही फैसला लेना ज्यादा समझदारी है।
रिश्तों पर काम करने की जरूरत पर जोर देते हुए जीनत अमान ने कहा कि किसी भी संबंध में आपसी सम्मान और निरंतर प्रयास जरूरी होते हैं।
उन्होंने कहा कि हनीमून फेज हमेशा नहीं रहता और समय के साथ रिश्तों में बदलाव आता है। ऐसे में एडजस्टमेंट, समझौता और कमिटमेंट ही रिश्ते को लंबे समय तक मजबूत बनाए रखते हैं, न कि सिर्फ शुरुआती रोमांस।
वर्क फ्रंट की बात करें तो जीनत अमान आज भी अभिनय में सक्रिय हैं। उन्हें हाल ही में 2025 में रिलीज हुई नेटफ्लिक्स सीरीज ‘द रॉयल्स’ में देखा गया था।
अपने लंबे करियर में वह ‘सत्यम शिवम् सुंदरम’, ‘डॉन’ और ‘कुर्बानी’ जैसी कई यादगार फिल्मों का हिस्सा रह चुकी हैं।

