Siddharthnagar में दिनदहाड़े पत्रकार से लूट, असलहे के बल पर वारदात से मचा हड़कंप
Siddharthnagar News: जनपद मुख्यालय पर बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक वरिष्ठ पत्रकार को निशाना बनाते हुए असलहे के बल पर 29 हजार रुपये लूट लिए। वारदात के बाद जिले के मीडियाकर्मियों में रोष व्याप्त है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर निवासी वरिष्ठ पत्रकार आसिफ इकबाल सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से साड़ी तिराहे की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे सदर थाना क्षेत्र के अशोक मार्ग स्थित बुद्धा पार्क के पास पहुंचे, तभी सामने से आए दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने उनकी बाइक रुकवा ली।
पीड़ित के अनुसार, दोनों बदमाश असलहे से लैस थे। उन्होंने हथियार दिखाकर धमकाया और जेब में रखे करीब 29 हजार रुपये जबरन छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल को धक्का देकर गिरा दिया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पीड़ित पत्रकार ने सदर थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना पुलिस के साथ एसओजी टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
Also Read: Siddharthnagar News: यूपीटीईटी परीक्षा को लेकर तैयारी तेज, DM और SSP ने दिए कड़े निर्देश

