Siddharthnagar News: यूपीटीईटी परीक्षा को लेकर तैयारी तेज, DM और SSP ने दिए कड़े निर्देश

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 को पूरी तरह से शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सिद्धार्थनगर जिला प्रशासन मुस्तैद हो गया है। इसी सिलसिले में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. अभिषेक महाजन की विशेष मौजूदगी में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में परीक्षा केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस महकमे के आला अधिकारियों को तैयारियों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त हिदायत दी कि परीक्षा केंद्रों पर आयोग के तय मानकों के अनुसार सभी मूलभूत और तकनीकी व्यवस्थाएं वक्त रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने साफ किया कि हर परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक अटेंडेंस और वीडियोग्राफी की पुख्ता व्यवस्था होनी चाहिए।

यूपीटीईटी परीक्षा को लेकर तैयारी तेज, DM और SSP ने दिए कड़े निर्देश

परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल मुस्तैद रहेगा

परीक्षा के दौरान किसी भी बाहरी या अनधिकृत व्यक्ति को केंद्र के भीतर फटकने की इजाजत नहीं होगी। डीएम ने सभी विभागों से टीम भावना के साथ मिलकर इस जिम्मेदारी को निभाने की अपील की। वहीं, एसएसपी डॉ. अभिषेक महाजन ने सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचते हुए बताया कि सभी केंद्रों पर भारी पुलिस बल मुस्तैद रहेगा और जहां प्रश्नपत्र रखे जाएंगे, उस स्ट्रांग रूम की चौबीसों घंटे कड़ी निगरानी की जाएगी।

जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार ने परीक्षा के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सिद्धार्थनगर जनपद में कुल 9 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इस बार यूपीटीईटी परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो पालियों में तथा 4 जुलाई 2026 को केवल पहली पाली में आयोजित की जाएगी। इस महापरीक्षा में जिले के कुल 16,240 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमाएंगे। कलेक्ट्रेट की इस बैठक में अपर जिलाधिकारी गौरव श्रीवास्तव, एएसपी प्रशांत कुमार, उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह सहित बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला पूर्ति अधिकारी जैसे तमाम प्रमुख अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: Bareilly News: डोडा छिलका और दिल्ली से चोरी अपाचे बाइक संग 2 तस्कर गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.