Siddharthnagar News: चाकू के साथ जिला बदर अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक अहम कामयाबी मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए क्षेत्र से जिला बदर घोषित किए जा चुके एक बेहद शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है।
पथरा बाजार पुलिस के हत्थे चढ़े इस आरोपी की पहचान ऐश मोहम्मद उर्फ समीर (निवासी तुर्कौलिया तिवारी) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर उस समय पकड़ा जब वह इलाके में अवैध चाकू के साथ घूम रहा था।
पकड़े गए अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास बेहद चौंकाने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, ऐश मोहम्मद के खिलाफ पहले से ही गोवध निवारण अधिनियम, जानलेवा हमला (धारा 307), गैंगस्टर एक्ट और चोरी जैसी गंभीर धाराओं में कुल सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इसी आपराधिक पृष्ठभूमि के कारण प्रशासन ने उसे जिला बदर घोषित किया हुआ था, जिसके बावजूद वह आदेश का उल्लंघन कर क्षेत्र में छिपा हुआ था।
थानाध्यक्ष ओम प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक उदयनाथ मिश्रा और उनकी टीम ने उसे दबोचकर उसके पास से धारदार चाकू बरामद किया। आरोपी के खिलाफ पथरा बाजार थाने में गुंडा नियंत्रण अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत नई प्राथमिकी दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: Siddharthnagar News: UPTET परीक्षा को लेकर डीएम और एसएसपी ने केंद्र का किया औचक निरीक्षण

