IND vs SL Test Series: 9 साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलेगी टीम इंडिया, जारी हुआ पूरा शेड्यूल

Sports News: भारतीय क्रिकेट टीम करीब नौ साल के लंबे अंतराल के बाद एक बार फिर श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है।

टीम इंडिया अगले महीने श्रीलंका दौरे पर जाएगी, जहां दोनों देशों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी।

यह सीरीज आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 का हिस्सा होगी और अंक तालिका के लिहाज से दोनों टीमों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।

श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने गुरुवार, 2 जुलाई को टेस्ट सीरीज का आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया है। सीरीज का पहला टेस्ट मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

वहीं, दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में आयोजित होगा।

दोनों मुकाबले भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होंगे।

WTC रेस में अहम सीरीज

भारत अब तक दो बार वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल खेल चुका है, लेकिन खिताब जीतने में सफल नहीं हो पाया है।

मौजूदा WTC चक्र में टीम इंडिया फिलहाल पांचवें स्थान पर है, जबकि श्रीलंका छठे पायदान पर मौजूद है।

ऐसे में यह सीरीज दोनों टीमों के लिए अपनी स्थिति मजबूत करने का सुनहरा मौका होगी।

शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम इस सीरीज को जीतकर WTC फाइनल की दौड़ में खुद को मजबूत करना चाहेगी।

गिल की कप्तानी में भारत ने WTC 2025-27 की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ टेस्ट सीरीज के साथ की थी।

इसके बाद टीम इंडिया ने घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज का क्लीन स्वीप किया।

IND vs SL Test Series

साउथ अफ्रीका से मिली थी करारी हार

हालांकि नवंबर 2025 में भारत को साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 2-0 से हार का सामना करना पड़ा था।

इस सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों की स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ कमजोरी उजागर हुई थी।

पिछले महीने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट जीतकर टीम इंडिया ने वापसी जरूर की, लेकिन अब श्रीलंका की स्पिन-अनुकूल पिचों पर फिर कड़ी परीक्षा होने वाली है।

गॉल और कोलंबो की पिचें परंपरागत रूप से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती हैं।

ऐसे में श्रीलंकाई स्पिन आक्रमण के सामने भारतीय बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर खास नजरें रहेंगी।

इतिहास दोहराने की चुनौती

भारत ने आखिरी बार 2017 में श्रीलंका का टेस्ट दौरा किया था, जहां विराट कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था।

अब करीब नौ साल बाद भारतीय टीम फिर से श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी।

ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया एक बार फिर इतिहास दोहराने में सफल हो पाती है या नहीं।

Also Read: नाबालिग से यौन उत्पीड़न केस में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने कबूला जुर्म, अब जाना होगा जेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.