Etah में दर्दनाक हादसा! खड़ी रोडवेज बस में कंटेनर की टक्कर, 5 यात्रियों की मौत, 12 घायल
Etah Road Accident: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में गुरुवार-शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 5 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के बाहर खड़े यात्री इसकी चपेट में आ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसा बागवाला थाना क्षेत्र के कीलरमऊ गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य घायलों का इलाज जारी है।
बस खराब थी, मरम्मत के दौरान हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच के अनुसार, रोडवेज बस तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ी थी और उसकी मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में टक्कर मार दी। हादसे के वक्त कई यात्री बस से नीचे उतरकर बाहर खड़े थे, जो सीधे कंटेनर की चपेट में आ गए।
Etah Road Accident की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अरविंद सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. इलामारन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
मृतकों और घायलों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान बुलंदशहर निवासी सतेंद्र (38), फर्रुखाबाद निवासी राजेश (34), सुखराम (30), शैलेश (29) और एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है।
घायलों में आनंद (नोएडा), विवेक, पूनम, नीतीश, विशाल, रवि, यतेंद्र, दक्ष, विक्रांत, सुमित, रिशु और ब्रजेश समेत कई यात्री शामिल हैं।
मृतक राजेश के भाई पवन कुमार ने बताया कि उनका परिवार दिल्ली जा रहा था। बस खराब होने के कारण सड़क किनारे रुकी हुई थी, तभी पीछे से आए कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पूरा परिवार हादसे की चपेट में आ गया।
फिलहाल पुलिस ने कंटेनर और बस को हटाकर यातायात बहाल करा दिया है। हादसे (Etah Road Accident) के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
Also Read: SP की कुर्सी पर बैठकर दरोगा की बहू ने बनाई रील, वायरल होते ही अकाउंट किया डिलीट

