तृणमूल में खुली बगावत, पार्टी मुख्यालय पहुंचे बागी विधायक, बोले- अब यहीं से चलेगी असली TMC
Kolkata, Political Crisis: पश्चिम बंगाल में TMC के भीतर सियासी घमासान तेज हो गया है। बागी विधायकों ने पार्टी मुख्यालय पर कब्जे का दावा किया, जबकि चुनाव आयोग ने दोनों गुटों से जवाब मांगा है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के अंदर जारी सियासी संघर्ष और तेज हो गया है। शुक्रवार को पार्टी के बागी नेताओं ने कोलकाता स्थित पार्टी कार्यालय पहुंचकर उस पर अपना दावा जताया। बागी गुट का कहना है कि वही “असली तृणमूल कांग्रेस” है और अब पार्टी का काम इसी कार्यालय से संचालित किया जाएगा। इस घटनाक्रम ने ममता बनर्जी के नेतृत्व को लेकर चल रहे विवाद को और गहरा कर दिया है।
रितब्रत बनर्जी के नेतृत्व में बागी विधायक और नेता पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने बैठक की। इस दौरान कार्यालय के ताले बदले गए और बाहर लगे कटआउट्स की जगह नए कटआउट लगाए गए। हालांकि, अंदर मौजूद ममता बनर्जी के कटआउट को नहीं हटाया गया। बागी गुट का कहना है कि यह कार्यालय तृणमूल कांग्रेस की पहचान है और अब यहीं से संगठन का संचालन होगा।
‘हम ही असली TMC हैं’
रितब्रत बनर्जी के साथ फिरहाद हकीम, जावेद खान, संदीपन साहा और अखरुज्जमान भी मौजूद रहे। मीडिया से बातचीत में रितब्रत ने दावा किया कि कार्यालय के मालिकों के साथ आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और अब यही पार्टी का मुख्यालय रहेगा। बागी नेताओं ने दोहराया कि असली तृणमूल कांग्रेस वही हैं।
दूसरी ओर, ममता बनर्जी समर्थक गुट ने इस कार्रवाई की कड़ी आलोचना की। उनका कहना है कि जिन नेताओं को पार्टी से बाहर किया जा चुका है, उन्हें पार्टी कार्यालय पर कोई अधिकार नहीं है। ममता गुट ने बागी नेताओं की बैठक को पूरी तरह अवैध बताया।
चुनाव आयोग के सामने दोनों गुट आमने-सामने
TMC पर दावेदारी का मामला अब चुनाव आयोग तक पहुंच चुका है। आयोग ने ममता बनर्जी और रितब्रत बनर्जी, दोनों गुटों से अपने-अपने दावों पर विस्तृत जवाब मांगा है। जवाब दाखिल करने की समय सीमा 6 जुलाई शाम 5:30 बजे तय की गई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी कार्यालय पर दावा भी इसी कानूनी और राजनीतिक लड़ाई का हिस्सा है। आने वाले दिनों में चुनाव आयोग का रुख इस विवाद की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
Also Read: मोदी कैबिनेट में स्मृति ईरानी की वापसी तय? राजनाथ सिंह को लेकर बढ़ी अटकलें

