बरेली जंक्शन से एक महीने तक कैंसिल ट्रेनें, यहां देखें पूरी डेटवाइज लिस्ट
Bareilly Junction Block: उत्तर प्रदेश के बरेली जंक्शन पर पुरानी वाशिंग लाइन की मरम्मत और अपग्रेडेशन का काम शुरू होने जा रहा है। इसके लिए भारतीय रेलवे के रेलवे बोर्ड ने 5 जुलाई से 3 अगस्त तक का ब्लॉक दिया है। इस अवधि में बरेली से चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनें एक महीने तक कैंसिल रहेंगी। रेल मंडल कार्यालय ने इसकी आधिकारिक सूचना जारी कर दी है।
वाशिंग लाइन अपग्रेडेशन का कारण
रेल अधिकारियों के अनुसार, मुरादाबाद लखनऊ रेल मार्ग पर ट्रेनों की रफ्तार और संचालन बेहतर करने के लिए इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिक और सिग्नल विभागों द्वारा बड़े स्तर पर सिस्टम अपग्रेड किया जा रहा है। इसी क्रम में बरेली यार्ड की पुरानी वाशिंग लाइन (लाइन नंबर 36 और 37) को आधुनिक बनाया जाएगा।
यहां नई पिट लाइन और अन्य सुविधाएं विकसित होंगी। स्टेशन अधीक्षक भानु प्रताप ने बताया कि मरम्मत कार्य को रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिल चुकी है और तय समय में काम पूरा किया जाएगा।
ब्लॉक के चलते बरेली से चलने वाली दादर (लोकमान्य तिलक टर्मिनल), इंदौर एक्सप्रेस और बरेली–दिल्ली पैसेंजर ट्रेनें इस अवधि में निरस्त रहेंगी। वहीं, लखनऊ, गोरखपुर, समस्तीपुर और गोंडा सेक्शन में चल रहे अन्य ब्लॉकों के कारण कई ट्रेनें सात–सात घंटे तक लेट पहुंचीं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हुई और ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराई गईं।
रद्द रहने वाली ट्रेनें (तारीखवार)
- 14314 बरेली–लोकमान्य तिलक टर्मिनल साप्ताहिक एक्सप्रेस: 11, 18, 25 जुलाई और 1 अगस्त
- 14313 लोकमान्य–बरेली एक्सप्रेस: 13, 20, 27 जुलाई और 8 अगस्त
- 14320 बरेली–इंदौर एक्सप्रेस: 15, 22, 29 जुलाई
- 14319 इंदौर–बरेली एक्सप्रेस: 16, 23, 30 जुलाई
- 54075–54076 बरेली–दिल्ली–बरेली पैसेंजर: 5 जुलाई से 3 अगस्त तक

