वासेपुर में गैंगस्टर प्रिंस खान के घर चला बुलडोजर, विधायक को धमकी के बाद एक्शन

Wasseypur Gangster Prince Khan: झारखंड के धनबाद जिले के वासेपुर में फरार गैंगस्टर प्रिंस खान के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अदालत के आदेश के तहत उसके आवास पर बुलडोजर चलाया गया और कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया पूरी की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आरोपी लंबे समय से फरार है और उसके खिलाफ आगे भी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

SSP के निर्देश में चला अभियान

पुलिस सूत्रों के अनुसार, धनबाद SSP प्रभात कुमार के निर्देश पर शनिवार को DSP प्रकाश सोय की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची। अदालत के आदेश का पालन करते हुए बुलडोजर से कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी की संपत्ति पर यह कदम कानून के दायरे में उठाया गया है।

विधायक को धमकी और फिरौती का आरोप

यह कार्रवाई निरसा से अरूप चटर्जी को मिली धमकी के बाद तेज हुई। विधायक ने धनबाद SSP को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि विदेशी नंबर से कॉल, ऑडियो और वीडियो संदेश भेजकर पैसे की मांग की गई। रकम न देने पर 24 घंटे में गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। संदेशों में कोयला कारोबार का जिक्र भी किया गया था। पुलिस ने शिकायत मिलते ही जांच शुरू कर दी।

लंबे समय से चल रहा था फरार

पुलिस के मुताबिक, प्रिंस खान के खिलाफ हत्या, रंगदारी, फायरिंग, धमकी और आपराधिक साजिश जैसे कई गंभीर मामले धनबाद के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। लगातार गैरहाजिर रहने के कारण अदालत ने उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती का आदेश दिया था। पुलिस ने दोहराया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और कानून के तहत आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.