Siddharthnagar News: अनफिट और ओवरलोड स्कूली वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 4 गाड़ियां जब्त व 22 के चालान
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में स्कूली बच्चों के सुरक्षित सफर को सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। जिले में चलाए जा रहे ‘मिशन सेफ फ्यूचर’ अभियान के चौथे दिन एआरटीओ और पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़कों पर उतरकर 19 स्कूली वाहनों का कड़ा निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

निजी वाहनों का हो रहा था कमर्शियल इस्तेमाल
सिद्धार्थनगर के सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ प्रशासन/प्रवर्तन) संजय कुमार सिंह ने संदेश वाहक से एक विशेष बातचीत में बताया कि चेकिंग के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 4 वाहनों को तत्काल प्रभाव से जब्त कर थाने में निरुद्ध कर दिया गया है। जब्त किए गए वाहनों में एक प्राइवेट गाड़ी शामिल है, जिसे अवैध रूप से स्कूली वाहन के तौर पर चलाया जा रहा था।
एक स्कूल बस/वाहन बिना वैध परमिट और फिटनेस सर्टिफिकेट के सड़कों पर दौड़ रहा था। दो अन्य वाहनों को क्षमता से अधिक बच्चे बिठाने (ओवरलोडिंग) के आरोप में सीज किया गया। इसके अलावा, सीट बेल्ट, स्पीड गवर्नर और यातायात के अन्य सामान्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 स्कूली वाहनों का मौके पर ही चालान काटा गया।
एआरटीओ संजय कुमार सिंह ने कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि बच्चों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ करने वाले संचालकों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान महज औपचारिकता नहीं है, बल्कि आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूलों और ट्रांसपोर्टर्स के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी क्योंकि विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
रिपोर्ट- जाकिर खान

