बाराबंकी में नकली चायपत्ती बनाने वाली फैक्ट्री सील, 763 किलो से ज्यादा मिलावटी माल और केमिकल बरामद

Barabanki News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने मिलावटखोरों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसटीएफ ने बाराबंकी जनपद के बड्डूपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव में अवैध रूप से संचालित की जा रही नकली और मिलावटी चायपत्ती बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से करीब 763.75 किलोग्राम केमिकल युक्त नकली चायपत्ती, 3.9 किलोग्राम रंगने वाला घातक केमिकल और भारी मात्रा में नामी ब्रांड्स के फर्जी रैपर बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के एक मुख्य सदस्य को दबोच लिया है।

सीक्रेट इनपुट पर एसटीएफ की रेड

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक अवनीश्वर चन्द्र श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में उपनिरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व वाली टीम को मुखबिर से इस अवैध कारखाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शाहपुर निवासी अभियुक्त मोहम्मद शकील पुत्र मोहम्मद युनुस को गिरफ्तार किया।

फैक्ट्री से बरामदगी की सूची

करीब 763.75 किलोग्राम मिलावटी चायपत्ती (बाजार कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये)।

फास्ट-टी ब्रांड के 17 पैकेट और गार्डन फ्रेश ब्रांड के 1918 नकली पैकेट।

चायपत्ती को चमकीला और कड़क रंग देने के लिए 3.9 किलोग्राम घातक केमिकल रंग।

149.5 किलोग्राम खाली प्लास्टिक रैपर और 01 ऑटोमैटिक पैकिंग मशीन।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से पहचान दस्तावेज भी बरामद किए गए।

पकड़े गए आरोपी मोहम्मद शकील ने पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो असम से बेहद सस्ती और रद्दी (वेस्ट) चायपत्ती मंगवाता था। इसके बाद इस रद्दी में विभिन्न प्रकार के केमिकल और खतरनाक रंग मिलाकर उसे कड़क व खुशबूदार बनाया जाता था। तैयार माल को नामी कंपनियों के नकली पैकेटों में पैक करके लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर, शाहजहाँपुर और बहराइच जैसे कई जिलों के बाजारों में खपाया जाता था, जिससे गिरोह को मोटा मुनाफा हो रहा था। एसटीएफ की तहरीर पर गिरफ्तार अभियुक्त मोहम्मद शकील के खिलाफ बाराबंकी के थाना बड्डूपुर में मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। स्थानीय पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क की तलाश में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Also Read: Siddharthnagar News: जगदंबिका पाल ने रोपे पौधे, आम बहार कार्यक्रम में बांटे गए फलदार वृक्ष

Get real time updates directly on you device, subscribe now.