इटावा में सरिया लदे ट्रक में पीछे से घुसी तेज रफ्तार बस, ड्राइवर और कंडक्टर की मौत

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। वाराणसी से दिल्ली जा रही एक स्लीपर प्राइवेट बस हाईवे पर आगे चल रहे लोहे के सरियों से लदे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से परखच्चे उड़ गया। इस दर्दनाक हादसे में बस के चालक और परिचालक (कंडक्टर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वाराणसी से दिल्ली जा रही थी बस

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना इटावा जिले के आईटीआई चौराहा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आगरा-कानपुर हाईवे पर बुधवार सुबह करीब 5:00 बजे पेश आई। मून ट्रैवल्स की इस प्राइवेट बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जो वाराणसी से दिल्ली की ओर जा रहे थे। सुबह के समय अचानक हुई इस जोरदार टक्कर के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए बस की खिड़कियां और कांच तोड़कर फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालना शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और एंबुलेंस के जरिए घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।

हादसे में जान गंवाने वाले दोनों मृतकों की पहचान कर ली गई है। मृत चालक की पहचान 35 वर्षीय प्रेम और कंडक्टर की पहचान 22 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है।

बस में सवार सुरक्षित बचे यात्रियों ने बताया कि हादसा बस ड्राइवर की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण हुआ। एक घायल यात्री के अनुसार, बस की रफ्तार बहुत तेज थी और सुबह के वक्त अचानक ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, जिसके कारण वह बस पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे आगे चल रहे सरिया लदे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। कुछ यात्रियों ने अस्पताल में घायलों के इलाज की शुरुआत में थोड़ी देरी होने का भी आरोप लगाया।

जिला अस्पताल के इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. राहुल ने बताया कि अस्पताल में दो दर्जन से अधिक घायलों को लाया गया है, जिनका उपचार किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी भी यात्री की स्थिति अत्यंत गंभीर नहीं है। उन्होंने पुष्टि की कि बस ड्राइवर प्रेम और कंडक्टर दीपक को अस्पताल लाए जाने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।

Also Read: अमेरिका का ईरान पर हमला, होर्मुज जलडमरूमध्य में एयर डिफेंस और मिसाइल ठिकानों समेत 80 से ज्यादा ठिकानों को किया तबाह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.