Bareilly News: 12 जुलाई को लगेगा 36 लाख पौधों का महाअभियान, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए अहम निर्देश

Bareilly News: उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत 12 जुलाई को बरेली जिले में एक ही दिन में करीब 36 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।

इस महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया और सभी विभागों को लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

‘इलेक्शन मोड’ में होगा वृक्षारोपण अभियान

बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी ने बताया कि 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसी क्रम में बरेली में 36 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। अभियान को “इलेक्शन मोड” में संचालित किया जाएगा।

इसके लिए सभी उप जिलाधिकारियों को जोनल मजिस्ट्रेट और सभी खंड विकास अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

सेक्टर मजिस्ट्रेट गड्ढों की खुदाई, पौधों की उपलब्धता, रोपण स्थलों की जियो-टैगिंग, पौध वितरण और रोपण का सत्यापन सुनिश्चित करेंगे।

वहीं, जोनल मजिस्ट्रेट तहसील स्तर पर अभियान की निगरानी करते हुए किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करेंगे।

Bareilly News

हर घंटे भेजनी होगी प्रगति रिपोर्ट

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 12 जुलाई को सुबह 7 बजे से शाम तक वृक्षारोपण की प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक घंटे संबंधित खंड विकास अधिकारी अपने हस्ताक्षर के साथ जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को उपलब्ध कराएंगे।

इसके बाद संकलित रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से कंट्रोल रूम भेजी जाएगी और वन विभाग द्वारा उसे पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने विभागवार पौध उठान की स्थिति की समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों ने अभी तक अपने हिस्से के पौधे नहीं उठाए हैं, वे तत्काल प्रक्रिया पूरी करें और पौधों को सुरक्षित स्थान पर संरक्षित रखें, ताकि रोपण के दिन किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की होगी भागीदारी

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि पौधारोपण के साथ छोटे या बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने कहा कि अभियान को जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाया जाए।

इस महाअभियान में स्वयं सहायता समूह, गैर सरकारी संगठन (NGO), राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।

बड़े बाईपास पर होगा मुख्य कार्यक्रम

बैठक में बताया गया कि वन विभाग की ओर से बरेली के बड़े बाईपास पर मुख्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

वहीं, शासन स्तर पर प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास विभाग सौरभ बाबू को बरेली जिले का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी दीक्षा भंडारी, विभिन्न उप जिलाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा सभी खंड विकास अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: अयोध्या में दो नगर पंचायतों का बदला जाएगा नाम, CM योगी ने की घोषणा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.