Bangkok पब में भयानक अग्निकांड: धुएं और भगदड़ के बीच 27 की मौत, 63 घायल

Bangkok Pub Fire: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक भीषण अग्निकांड ने जश्न की रात को मातम में बदल दिया। शहर के बाहरी इलाके में स्थित ‘Rong Beer Na Lat Phrao’ पब में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 63 लोग घायल हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। धुएं से बचने के लिए कई लोग पब के पिछले हिस्से में बने टॉयलेट में छिप गए, लेकिन वहां कोई आपातकालीन निकास (Emergency Exit) नहीं था। दम घुटने से कई लोगों की मौत हो गई और बाद में उनके शव वहीं से बरामद किए गए।

Bangkok Pub Fire: कैसे हुआ हादसा?

घटना के वक्त पब में लाइव म्यूजिक शो चल रहा था। चश्मदीदों के अनुसार सबसे पहले स्टेज के पास लगे सर्किट ब्रेकर से धुआं निकलना शुरू हुआ। कुछ ही पलों में बिजली चली गई और तेज धमाके के बाद आग पूरे पब में फैल गई। घना धुआं पूरे हॉल में भर गया, जिससे भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने सोमवार तड़के घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि अब तक 27 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के मुताबिक अधिकांश लोगों की मौत जलने से ज्यादा धुएं के कारण दम घुटने से हुई।

63 घायल, कई की हालत नाजुक

Bangkok Pub Fire

बैंकॉक मेट्रोपॉलिटन प्रशासन के अधिकारियों के अनुसार हादसे में घायल 63 लोगों का इलाज चल रहा है। बैंकॉक के गवर्नर ने बताया कि इनमें 22 लोगों की हालत बेहद गंभीर है। राहत एवं बचाव दल ने देर रात तक अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला और आग पर काबू पाया।

45 वर्षीय मोटरबाइक टैक्सी चालक सुरिन जाइहार्न ने बताया कि उन्होंने पब से निकलती आग की लपटें देखीं और कई झुलसे लोगों की मदद की। उन्होंने अपने कपड़ों से लोगों के शरीर पर लगी आग बुझाने की कोशिश की। वहीं लाओस के पर्यटक कान कुतिरात ने बताया कि उन्होंने स्टेज के पास धुआं उठते देखा और कुछ ही सेकंड में पूरे पब में अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने एक महिला को बाहर निकालने में मदद की, लेकिन कई लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे की जांच शुरू

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह सर्किट ब्रेकर में तकनीकी खराबी मानी जा रही है। हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि हादसे (Bangkok Pub Fire) के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही यह भी जांच होगी कि पब में अग्नि सुरक्षा मानकों और आपातकालीन निकास व्यवस्था का पालन किया गया था या नहीं।

Also Read: आधुनिक कतर के निर्माता शेख हमद बिन खलीफा अल थानी का निधन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.