Lucknow: नोवोटेल होटल पर LDA की कार्रवाई, बेसमेंट सील, गोमती नगर में 3 कार वर्कशॉप भी बंद
Lucknow News: लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने शहर में अवैध निर्माण और अग्नि सुरक्षा मानकों के उल्लंघन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार को गोमती नगर स्थित होटल नोवोटेल (Novotel) होटल के बेसमेंट को सील कर दिया। जांच में पाया गया कि जिस स्थान को स्वीकृत मानचित्र में पार्किंग के लिए मंजूरी मिली थी, वहां व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इसके अलावा गोमती नगर विस्तार में आवासीय भू-उपयोग वाले प्लॉटों पर चल रही तीन अवैध कार वर्कशॉप को भी सील कर दिया गया।
यह कार्रवाई LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई, जिसमें होटल, बैंक्वेट हॉल, अस्पताल, कोचिंग सेंटर समेत अन्य बहुमंजिला इमारतों की अग्नि सुरक्षा और भवन मानकों की जांच की जा रही है।
पार्किंग की जगह चल रही थीं बेकरी, लॉन्ड्री और स्टाफ क्वार्टर
एलडीए के अनुसार, गोमती नगर के विराज खंड स्थित होटल नोवोटेल के लोअर बेसमेंट को स्वीकृत नक्शे में पार्किंग के रूप में दर्शाया गया था। लेकिन निरीक्षण के दौरान वहां बेकरी, लॉन्ड्री और स्टाफ क्वार्टर संचालित होते मिले।

प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने बताया कि होटल प्रबंधन और संबंधित पक्षों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था, लेकिन सुनवाई के दौरान वे कोई वैध दस्तावेज या साक्ष्य पेश नहीं कर सके। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी के आदेश पर LDA की टीम ने लोअर बेसमेंट को सील कर दिया।
गोमती नगर विस्तार में 3 अवैध कार वर्कशॉप भी सील
एलडीए ने गोमती नगर विस्तार के सेक्टर-1 और सेक्टर-4 में भी अभियान चलाया। जांच में आवासीय प्लॉटों पर नियमों के विरुद्ध कार वर्कशॉप संचालित होती मिलीं। कार्रवाई के दौरान मनीष सिंह, नरेंद्र अग्रहरि, आशीष तिवारी समेत अन्य लोगों द्वारा संचालित तीन अवैध कार वर्कशॉप को सील कर दिया गया।
LDA ने स्पष्ट किया कि शहर में भवन मानकों, भू-उपयोग नियमों और अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

