राम मंदिर के पहले CEO बनने की होड़, 24 घंटे में 1000 से ज्यादा आवेदन
Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) बनने की दौड़ तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने के 24 घंटे के भीतर अधिकृत ईमेल आईडी पर 1000 से ज्यादा आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 18 जुलाई शाम 4 बजे तक निर्धारित की गई है। बताया जा रहा है कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की 22 जुलाई को होने वाली बैठक में नए CEO के नाम की घोषणा की जा सकती है।
देशभर से रिटायर्ड अफसरों ने दिखाई दिलचस्पी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नोटिफिकेशन जारी होने के कुछ ही घंटों में पहले दिन करीब 750 आवेदन मिल गए थे। चयन समिति को उम्मीद है कि अंतिम तिथि तक आवेदन संख्या कई हजार तक पहुंच सकती है। बड़ी संख्या में आवेदन आने के कारण योग्यता के आधार पर छंटनी में मदद के लिए एक सचिव नियुक्त करने की तैयारी है।
सूत्रों के अनुसार, आवेदकों में देशभर के सेवानिवृत्त नौकरशाह, धार्मिक संस्थानों के प्रशासन का अनुभव रखने वाले अधिकारी और प्रशासनिक जिम्मेदारी निभा चुके रिटायर्ड सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं।
पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर ने भी किया आवेदन
पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने सार्वजनिक रूप से CEO पद के लिए आवेदन करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा तय पात्रता मानकों के आधार पर उन्होंने अपना आवेदन भेजा है।
इस बीच, राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले की जांच भी जारी है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद गठित एसआईटी से स्टेटस रिपोर्ट और जांच की पूरी जानकारी मांगी गई है। जांच आगे बढ़ने के साथ ट्रस्टियों पर कार्रवाई की संभावना भी जताई जा रही है। वहीं, विपक्ष ने जमीन से जुड़े कथित घोटाले का मुद्दा भी उठाया है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह और हिंदूवादी संगठन के प्रमुख संतोष दुबे ने आरोपों से जुड़े दस्तावेज अधिकारियों को सौंपे हैं।
Also Read : अयोध्या की आड़ में देश की अस्मिता व आस्था पर हो रहा प्रहार: सीएम योगी

