STF ने फर्जी लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस गिरोह का किया भंडाफोड़, मास्टरमाइंड गिरफ्तार
UP News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने फर्जी तरीके से लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसटीएफ ने बिजनौर जिले के नहटौर थाना क्षेत्र के गांव फुलसंद हीरा निवासी इब्राहिम अंसारी को गिरफ्तार किया है।
उसके खिलाफ थाना नहटौर में बीएनएस की विभिन्न धाराओं, आधार अधिनियम-2016 और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस कर रही है।
घर बैठे तैयार करता था लाइसेंस
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों के लोगों के फर्जी लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाए जा रहे हैं। इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक अब्दुल कादिर के पर्यवेक्षण में एसटीएफ बरेली यूनिट ने जांच शुरू की। पूछताछ में इब्राहिम अंसारी ने बताया कि वह अपने घर से लैपटॉप और इंटरनेट के जरिए लोगों के ऑनलाइन आवेदन करता था।
जिन लोगों को आवेदन प्रक्रिया की जानकारी नहीं होती थी, उनसे पैसे लेकर वह खुद पूरी प्रक्रिया पूरी करता और तैयार लाइसेंस की पीडीएफ व्हाट्सएप पर भेज देता था। भुगतान वह यूपीआई के माध्यम से अपने खाते में लेता था।
ऑनलाइन परीक्षा में अपनाता था खास तकनीक
जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस परीक्षा के दौरान कैमरे की निगरानी को चकमा देने के लिए ब्राउज़र में विशेष एक्सटेंशन और जावास्क्रिप्ट कोड का इस्तेमाल करता था। इससे सारथी परिवहन पोर्टल पर वीडियो सत्यापन की प्रक्रिया को बायपास कर वह खुद परीक्षा पूरी कर देता था।
इस तरीके से उसने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों के लोगों के लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस तैयार किए। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
Also Read : Siddharthnagar News: सड़क हादसे में जान गंवाने वाले शिक्षक परिवार को SBI ने सौंपा 70 लाख का बीमा चेक

