मिर्जापुर में अनियंत्रित होकर घर में घुसा ट्रक, सोते हुए एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत

Mirzapur News: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। थाना अहरौरा क्षेत्र के अंतर्गत कुदारन चौराहे के पास गुरुवार तड़के करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक सड़क किनारे बने एक घर की दीवार तोड़ते हुए अंदर जा घुसा। उस वक्त घर के सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, ट्रक नमक से लदा हुआ था और वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रहा था। कुदारन चौराहे के समीप अचानक ट्रक का टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे घर में जा घुसा। नींद में सो रहे लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पूरा इलाका चीख-पुकार से गूंज उठा। आवाज सुनकर मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही अहरौरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मलबे व ट्रक के नीचे दबे लोगों को बाहर निकालने का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चचेरी मोड़ चुनार भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है।

पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में राजाराम (47 वर्ष), सुखिया (70 वर्ष) और चांदतारा (45 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं सुनील शर्मा (45 वर्ष) और सुहानी (12 वर्ष) गंभीर रूप से घायल गए हैं।

Also Read: अखिलेश यादव के विदेशी दौरों पर ओमप्रकाश राजभर ने उठाए सवाल, बोले- विदेशी कंपनियों के भरोसे नहीं जीते जाते चुनाव

Get real time updates directly on you device, subscribe now.