198 किलो गांजा, कीमत 50 लाख, मिर्जापुर में STF ने अंतरराज्यीय तस्कर को किया गिरफ्तार

Mirzapur News: मिर्जापुर में प्रयागराज STF ने अंतरराज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी करने वाले गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। टीम ने उसके कब्जे से 198 किलो गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।

कार्रवाई 19 सितंबर 2026 को मड़िहान-मिर्जापुर रोड पर बेला मंदिर के पास की गई। STF टीम को सूचना मिली थी कि तस्कर ओडिशा के रायगढ़ा से ट्रक में गांजा लादकर मिर्जापुर की ओर आ रहा है। इसके बाद टीम ने ट्रक नंबर MP 28 H 4005 को रोककर तलाशी ली। कोयले के नीचे बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था। मौके से मोहम्मद शाकिर बक्स निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में तस्करी नेटवर्क का खुलासा

STF के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का सक्रिय सदस्य है। गिरोह ओडिशा के रायगढ़ा से गांजा लाकर प्रयागराज और आसपास के जिलों में ऊंचे दामों पर बेचता था।

जांच में सामने आया कि ट्रक आरोपी का ही है। STF के अनुसार, रायगढ़ा में रजत सिंह और शुभम सिंह ने कोयले की आड़ में गांजा लोड कराया था। इसे प्रयागराज के अभिषेक शुक्ला उर्फ गुरुजी के पास पहुंचाया जाना था। आरोपी ने बताया कि गिरोह कई वर्षों से इस अवैध कारोबार में शामिल है।

NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज

कार्रवाई में ट्रक, एक मोबाइल फोन और 750 रुपये नकद भी बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ मड़िहान थाने में मुकदमा संख्या 228/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 8/20/29 में केस दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Also Read: लखनऊ में चलती स्कूल बस के इंजन में लगी आग, 5 साल का बच्चा झुलसा 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.