Rampur News: जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचीं तंजीन फातिमा, पुलिसकर्मियों को गेट से हटाया
Rampur News: समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी पर एक बार फिर कानूनी शिकंजा कस गया है। रामपुर जिला प्रशासन और रामपुर विकास प्राधिकरण ने कड़ा रुख अपनाते हुए विश्वविद्यालय परिसर में बनी कुल 40 इमारतों में से 38 को अवैध घोषित कर दिया है। प्राधिकरण ने इन सभी अवैध ढांचों को गिराने का आदेश जारी किया है और इसके लिए यूनिवर्सिटी प्रशासन को केवल 15 दिनों की मोहलत दी गई है।
इस बड़े आदेश के बीच गुरुवार को आजम खान की पत्नी और पूर्व विधायक डॉ. तंजीन फातिमा अचानक जौहर यूनिवर्सिटी परिसर पहुंचीं। उनके वहां पहुंचते ही माहौल गरमा गया। डॉ. फातिमा ने मुख्य द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों को यह कहते हुए वहां से जाने को कहा कि प्रशासन ने उन्हें 15 दिनों का समय दिया है, इसलिए अभी पुलिस की वहां जरूरत नहीं है।
सपा नेता आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी को गिराया जाएगा! pic.twitter.com/X0UDvMwybP
— Romita Tiwari (@romita_tiwari) July 15, 2026
क्यों अवैध मानी गईं 38 इमारतें
दरअसल, जब साल 2006 में इस यूनिवर्सिटी की नींव रखी गई थी, तब रामपुर विकास प्राधिकरण का अस्तित्व नहीं था और यह क्षेत्र जिला पंचायत के अधीन आता था। शुरुआती दौर में केवल दो इमारतों के निर्माण के लिए जिला पंचायत से आवश्यक मंजूरी ली गई थी। इसके बाद परिसर में खड़ी की गईं अन्य 38 इमारतों के लिए कोई वैध प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई। अब रामपुर विकास प्राधिकरण ने विस्तृत जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 की धारा-27(1) के तहत इन इमारतों को अवैध करार देते हुए इन्हें ढहाने का आदेश दिया है।
अखिलेश सरकार में हुआ था उद्घाटन
मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में 18 सितंबर, 2006 को इस विश्वविद्यालय की स्थापना तो हो गई थी, लेकिन जल्द ही सत्ता परिवर्तन के कारण इसका उद्घाटन टल गया। साल 2012 में जब सूबे में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की वापसी हुई, तब आजम खान के रसूख के साथ ठीक छह साल बाद 18 सितंबर 2012 को इस यूनिवर्सिटी का आधिकारिक उद्घाटन किया गया था। बता दें कि इससे पहले साल 2021 में भी इलाहाबाद हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद यूनिवर्सिटी की करीब 70 हेक्टेयर जमीन प्रशासन द्वारा वापस अधिग्रहित कर ली गई थी।
Also Read: दिल्ली हाई कोर्ट सख्त, केजरीवाल समेत तीन AAP नेताओं को जवाब दाखिल करने का आखिरी मौका

