दिल्ली हाई कोर्ट सख्त, केजरीवाल समेत तीन AAP नेताओं को जवाब दाखिल करने का आखिरी मौका

Arvind Kejriwal: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता दुर्गेश पाठक को दिल्ली हाई कोर्ट से बड़ा निर्देश मिला है। कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े मामले में अदालत ने तीनों नेताओं को जवाब दाखिल करने के लिए “एक और, लेकिन अंतिम मौका” दिया है।

यह मामला उस याचिका से जुड़ा है, जिसे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने विशेष अदालत के उस फैसले के खिलाफ दायर किया है, जिसमें केजरीवाल और अन्य आरोपियों को राहत मिली थी।

बेंच बदलने के बाद भी नहीं दाखिल किया जवाब

हाई कोर्ट ने सुनवाई के दौरान कहा कि कई अवसर दिए जाने के बावजूद तीनों नेताओं की ओर से अब तक जवाब दाखिल नहीं किया गया है। पहले इस मामले की सुनवाई जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा की बेंच कर रही थी। उस समय आम आदमी पार्टी के नेताओं ने उनकी बेंच के समक्ष पेश नहीं होने का फैसला किया था और सुनवाई का बहिष्कार करने का ऐलान किया था।

हालांकि बाद में मामले की सुनवाई दूसरी बेंच को सौंप दी गई, लेकिन इसके बावजूद भी अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और दुर्गेश पाठक की ओर से कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया।

अदालत ने दिया अंतिम अवसर

हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि अब जवाब दाखिल करने के लिए यह अंतिम अवसर होगा। अदालत के इस निर्देश के बाद अब सभी की नजर अगली सुनवाई पर रहेगी, जहां तीनों नेताओं को अपना पक्ष अदालत के सामने रखना होगा।

Also Read: राज्यसभा सांसद कोयल मलिक ने दिया इस्तीफा, ममता बनर्जी की बढ़ीं मुश्किलें 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.