Gonda: पंचायत व्यवस्था हुई बेपटरी, शौचालय से RRC तक मिली खामियां, 11 अधिकारियों पर कार्रवाई
Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में ग्राम पंचायतों की लापरवाही पर पंचायती राज विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। करोड़ों रुपये की लागत से बने सार्वजनिक शौचालय, पंचायत भवन, रिसोर्स रिकवरी सेंटर (RRC) और स्वच्छ भारत मिशन के तहत खरीदे गए ई-रिक्शा बदहाल मिलने के बाद जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) जीडी जैन ने 11 ग्राम विकास अधिकारियों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
सभी अधिकारियों से एक सप्ताह के भीतर फोटो और वीडियो के साथ स्पष्टीकरण देने को कहा गया है। विभाग ने साफ किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण में खुलीं कई गंभीर खामियां
9 जुलाई को पंडरीकृपाल विकासखंड के निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं। रिपोर्ट के अनुसार कई सामुदायिक शौचालय नियमित रूप से नहीं खुल रहे थे और उनकी साफ-सफाई भी बेहद खराब मिली। कई जगह केयरटेकर को समय पर मानदेय नहीं दिया जा रहा था।
इसके अलावा पंचायत भवन और ग्राम सचिवालय भी निर्धारित समय पर बंद मिले, जिससे ग्रामीणों को प्रमाण पत्र समेत अन्य सरकारी सेवाएं लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंचायत सहायकों की उपस्थिति भी अनियमित पाई गई।
RRC सेंटर बंद, ई-रिक्शा भी नहीं आए काम
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (Solid and Liquid Waste Management) के तहत बनाए गए रिसोर्स रिकवरी सेंटर (RRC) बंद पड़े हैं। कचरे का न तो पृथक्करण हो रहा था और न ही उसका निस्तारण।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत खरीदे गए ई-रिक्शा भी इस्तेमाल के बजाय खड़े मिले, जिससे घर-घर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
डीपीआरओ ने ग्राम विकास अधिकारी अंकित वर्मा, सुनील यादव, राहुल चंद्रा और ग्राम पंचायत अधिकारी सज्जाद खान, सुभाष चंद्र पांडेय, विनय कुमार भारती, सरिता शुक्ला, नीलू सिंह, आलोक कुमार सिंह, रजनीश कुमार तथा अवधेश कुमार को नोटिस जारी किया है।
छह ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों का चयन
इधर, जिले की छह ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायक/अकाउंटेंट-कम-डाटा एंट्री ऑपरेटर के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। डीपीआरओ जीडी जैन ने बताया कि 13 जुलाई को डीएम की अध्यक्षता वाली समिति ने चयनित अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच के बाद उनके चयन को मंजूरी दे दी।
अब संबंधित ग्राम पंचायतों में अनुबंध की प्रक्रिया पूरी कर नियुक्तियां की जाएंगी। शासन के निर्देशों के अनुसार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के अंकों के औसत के आधार पर मेरिट तैयार की गई। चयनित अभ्यर्थियों में चेतना सिंह, सुनीता वर्मा, अलीमा, रत्नेश कनौजिया, संगीता यादव और सुनैना शर्मा शामिल हैं।
Also Read: Prayagraj News: ठाणे का वांटेड बदमाश प्रशांत विश्वकर्मा प्रयागराज से गिरफ्तार

