सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे ऋतिक रोशन, छात्रों के मानसिक तनाव का किया जिक्र
Hrithik Roshan: सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में अब बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन भी सामने आए हैं। वांगचुक पिछले करीब 21 दिनों से NEET-UG परीक्षा में कथित धांधली और अनियमितताओं के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण अनशन कर रहे थे। ऋतिक रोशन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर वांगचुक का एक भावुक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “यह बात बिल्कुल सच लगती है।
जब मैंने अपनी फिल्म में एक टीचर का किरदार निभाया था, तब मुझे करीब से समझने का मौका मिला कि हमारे स्टूडेंट किस तरह के मानसिक तनाव और सदमे से गुजरते हैं।” अभिनेता ने फिल्म ‘सुपर 30’ में शिक्षक की भूमिका निभाई थी, जो बिहार के आनंद कुमार से प्रेरित थी।
वीडियो में क्या बोले सोनम वांगचुक
ऋतिक द्वारा साझा किए गए वीडियो में सोनम वांगचुक कहते हैं कि 20 से ज्यादा छात्र अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि छात्र वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन बाद में उन्हें पता चलता है कि पेपर लीक हो गया या परीक्षा पहले से तय थी। वांगचुक ने इसे समाज के लिए बड़ा नुकसान बताते हुए कहा कि अगर नकल करके लोग डॉक्टर या अन्य पेशों में पहुंचेंगे तो इसका असर पूरे समाज पर पड़ेगा।
कई कलाकारों ने जताया समर्थन, अस्पताल में भर्ती
ऋतिक रोशन के अलावा जीनत अमान, स्वरा भास्कर, किरण राव, आमिर खान और अनुराग बासु समेत कई फिल्मी हस्तियों ने भी सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंता जताई है। वहीं शनिवार सुबह दिल्ली पुलिस ने वांगचुक को जंतर-मंतर से हटाकर सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। इस कार्रवाई पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी भी लंबे समय तक अनशन पर बैठे थे, लेकिन उनके साथ ऐसा व्यवहार नहीं किया गया जैसा सोनम वांगचुक के साथ हुआ।
Also Read : धर्मेंद्र प्रधान के बाद CJP के निशाने पर आए प्रधानमंत्री मोदी, उठाई इस्तीफे की मांग

