Bareilly News: अफीम तस्करी का भंडाफोड़, ढाई लाख की अफीम के साथ रामपुर का तस्कर गिरफ्तार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली में अपराधियों और नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बारादरी थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी करते हुए एक शातिर मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 265 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

वीसलपुर चौराहे पर गश्त के दौरान मिली थी इनपुट

बारादरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम जब वीसलपुर चौराहे पर मुस्तैदी से गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर ने सूचना दी कि सम्राट अशोक नगर वाले रास्ते पर सड़क किनारे एक खोखे के पास एक व्यक्ति नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में ग्राहक का इंतजार कर रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर तेज कदमों से भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से भारी मात्रा में अवैध अफीम बरामद हुई।

पकड़े गए अभियुक्त की पहचान 29 वर्षीय राजपाल पुत्र ओमप्रकाश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम खण्डिया (थाना खजूरिया, जिला रामपुर) का रहने वाला है। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अनपढ़ है और आजीविका के लिए खेती-बाड़ी करता था। कम समय में ज्यादा पैसा कमाने के लालच में वह अफीम तस्करी के दलदल में उतर गया।

आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह रामपुर से बरेली आकर अफीम इसलिए बेचता था क्योंकि यहाँ उसे कोई पहचानता नहीं था और वह पुलिस की नजरों से बचा रहता था। शनिवार को भी वह अफीम की खेप खपाने के इरादे से ग्राहक के इंतजार में खड़ा था, लेकिन तभी बारादरी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। इस सराहनीय कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र सिंह, जगतपुर चौकी प्रभारी मुनेन्द्र कुमार, उप निरीक्षक कुलदीप यादव, हेड कांस्टेबल लोकेन्द्र कुमार और गुरदीप सिंह शामिल रहे।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: सोनम वांगचुक के अनशन पर पहली बार बोले राहुल गांधी, कहा- शांतिपूर्ण विरोध को दबाना गलत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.