UP ATS-NCB की बड़ी कार्रवाई, इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़ा नाइजीरियाई गिरफ्तार
UP News: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने संयुक्त कार्रवाई में अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी और ड्रग्स तस्करी से जुड़े एक नाइजीरियाई नागरिक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5.085 किलोग्राम मेथामफेटामाइन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इसके अलावा उसके पास से 5 मोबाइल फोन और 2 पासपोर्ट भी मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नाइजीरिया निवासी 27 वर्षीय ओबासे प्रॉस्पर (OBASE PROSPER) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दिल्ली में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सोशल मीडिया पर करता था करोड़ों की ठगी
STF के मुताबिक आरोपी का गिरोह Facebook, Instagram और WhatsApp पर अमेरिका और ब्रिटेन के नागरिकों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर भारतीय युवकों और युवतियों को अपने जाल में फंसाता था। पहले महंगे गिफ्ट, डॉलर और पाउंड भेजने का झांसा दिया जाता, फिर खुद को कस्टम या इनकम टैक्स अधिकारी बताकर कस्टम ड्यूटी और टैक्स के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए जाते थे।
जांच के दौरान पता चला कि लखनऊ के एक युवक से इसी तरीके से करीब 68 लाख रुपये की ठगी की गई थी। इस मामले में दर्ज एफआईआर की जांच करते हुए एसटीएफ पहले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर चुकी थी। उसी से मिली जानकारी के आधार पर ओबासे प्रॉस्पर तक पहुंचा गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2023 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था। वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी वह दिल्ली में रह रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अन्य नाइजीरियाई नागरिकों से हुई, जिन्होंने उसे साइबर फ्रॉड और ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क में शामिल कर लिया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उनका गिरोह सोशल मीडिया के जरिए ठगी करने के साथ-साथ मादक पदार्थों की तस्करी भी करता था।
कई राज्यों में फैला हो सकता है नेटवर्क
UP STF का कहना है कि शुरुआती जांच में इस गिरोह द्वारा देश के अलग-अलग राज्यों में साइबर ठगी किए जाने के संकेत मिले हैं। अब आरोपी के बैंक खातों, डिजिटल वॉलेट, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
Also Read: कानपुर में STF का बड़ा एक्शन, 171 दुर्लभ कछुओं के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

