BJP ने सिद्धार्थनगर में कसी चुनावी तैयारी, सभी विधानसभा में बूथ सम्मेलन आयोजित
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी उद्देश्य से मंगलवार को जिले की सभी विधानसभा सीटों पर एक साथ बूथ सम्मेलनों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
पांचों विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित हुए सम्मेलन
जिला भाजपा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कपिलवस्तु विधानसभा का बूथ सम्मेलन सिद्धार्थनगर स्थित लोहिया कला भवन में आयोजित किया गया। वहीं शोहरतगढ़ विधानसभा का कार्यक्रम कृष्ण मुरारी मैरिज हॉल, खुनुआ बाईपास रोड में हुआ।
इसके अलावा बांसी विधानसभा का सम्मेलन रानी लक्ष्मी विवाह वाटिका, इटवा विधानसभा का आयोजन जीवनसाथी मैरिज हॉल, भिलौरी और डुमरियागंज विधानसभा का सम्मेलन मंगल भवन में संपन्न हुआ। सभी जगहों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की अपील
भाजपा की ओर से बताया गया कि इन सम्मेलनों का मुख्य लक्ष्य बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करना है। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और आने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से संचालित करने की रणनीति बनाई गई।
पार्टी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर लगातार सक्रिय रहने और संगठन को मजबूत बनाने में योगदान देने की अपील की। भाजपा नेताओं का कहना है कि मजबूत बूथ व्यवस्था ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और इसी को ध्यान में रखते हुए जिलेभर में यह अभियान चलाया जा रहा है।
रिपोर्ट- जाकिर खान

