दुष्कर्म मामले में अभिषेक पोरेल की बढ़ीं मुश्किलें, हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी के दिए निर्देश
Abishek Porel: आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। कलकत्ता हाई कोर्ट ने मेडिकल छात्रा से दुष्कर्म के मामले में पोरेल और एक अन्य आरोपी को तत्काल गिरफ्तार करने का आदेश दिया है। अदालत ने मोगरा पुलिस को यह भी निर्देश दिया कि आरोपियों के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए जाएं, ताकि शिकायतकर्ता की तस्वीरें और वीडियो किसी अन्य के साथ साझा न किए जा सकें।
हाई कोर्ट ने गिरफ्तारी और डिवाइस जब्त करने का दिया निर्देश
हाई कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि 6 जुलाई 2026 की पुलिस रिपोर्ट के अनुसार एक पेन ड्राइव या स्टोरेज डिवाइस जब्त की गई है, जिसमें कुछ डेटा मौजूद है। अदालत ने माना कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की सुरक्षा के लिए आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके डिवाइस जब्त करना जरूरी है। कोर्ट ने यह भी कहा कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के प्रयास किए, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इसलिए जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
छात्रा ने लगाए गंभीर आरोप, पोरेल ने किया खारिज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शिकायतकर्ता मेडिकल छात्रा का आरोप है कि जनवरी 2023 में अभिषेक पोरेल से उसकी पहचान हुई थी। इसके बाद क्रिकेटर ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और निजी पलों की रिकॉर्डिंग भी की। महिला का कहना है कि बाद में दोनों परिवारों के बीच शादी की बात भी हुई, लेकिन पिछले साल मतभेद के बाद पोरेल ने दूरी बना ली।
शिकायत में मारपीट और आपराधिक धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, अभिषेक पोरेल ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है। 23 वर्षीय अभिषेक पोरेल आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए चार मैच खेल चुके हैं और घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व करते हैं।
Also Read: UP T20 League का आगाज 14 अगस्त से, इकाना में लॉन्च हुए उद्घाटन समारोह के टिकट

