Bareilly News: महिला से पर्स लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 6 हजार रुपये, मोबाइल और चोरी की बाइक बरामद

Bareilly News: बरेली जनपद के थाना आंवला पुलिस ने महिला से पर्स छीनने की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और चोरी की एक स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को जफर मोहम्मद निवासी ग्राम खुली, थाना भमोरा ने थाना आंवला में तहरीर देकर बताया था कि उनकी भाभी गुड़िया से दो अज्ञात युवकों ने झपट्टा मारकर पर्स छीन लिया।

पर्स में 8 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन रखा था। शिकायत के आधार पर थाना आंवला में मुकदमा संख्या 379/2026, धारा 304 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना को अंजाम देने वाले आरोपी चोरी की स्प्लेंडर बाइक से मनौना की ओर आने वाले हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बेहटा जुनू-मनौना मार्ग पर घेराबंदी की और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कौशल उर्फ भोलू उर्फ गोलू (22 वर्ष) और विशाल (20 वर्ष), दोनों निवासी मोहल्ला ताड़गंज, थाना आंवला, बरेली के रूप में हुई।

लूट का सामान और चोरी की बाइक बरामद

तलाशी के दौरान कौशल के कब्जे से सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन और 2,000 रुपये नकद, जबकि विशाल के पास से 4,000 रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस ने जब स्प्लेंडर बाइक के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की तो पता चला कि बाइक का पंजीकरण नंबर UP-25 CE-2886 है और यह थाना आंवला क्षेत्र से चोरी की गई थी। इस संबंध में पहले से मुकदमा संख्या 255/2026 दर्ज है।

पूछताछ में कबूला अपराध

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने करीब ढाई महीने पहले आर.के. पैलेस के पास से स्प्लेंडर बाइक चोरी की थी।

उसी बाइक का इस्तेमाल कर 4-5 दिन पहले रमनगला-बिलौरी मार्ग पर एक महिला का पर्स झपटकर 8 हजार रुपये और सैमसंग मोबाइल लूटा था।

आरोपियों के बयान और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरामदगी

  • 6,000 रुपये नकद
  • सैमसंग गैलेक्सी मोबाइल फोन
  • चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP-25 CE-2886)

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, आरोपी कौशल उर्फ भोलू के खिलाफ आबकारी अधिनियम और चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं विशाल के खिलाफ भी चोरी और झपटमारी से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों की भी जांच की जा रही है।

Also Read: Etawah News: 1 करोड़ रुपये के गबन मामले में स्कूल प्रबंधक गिरफ्तार, EOW कानपुर ने की कार्रवाई

Get real time updates directly on you device, subscribe now.