छात्रों को नौकरी नहीं, लाठियां मिल रही हैं, अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। मंगलवार को संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अन्याय और अत्याचार चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों और युवाओं पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और बल प्रयोग किया जा रहा है। अखिलेश ने सवाल उठाया कि क्या इसी उद्देश्य से सरकार बनी थी और क्या यही “सबका साथ, सबका विकास” तथा “विकसित भारत” का लक्ष्य है।
पेपर लीक और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार छात्रों और युवाओं को रोजगार देने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के कई राज्यों में पेपर लीक की घटनाएं हुई हैं और उत्तर प्रदेश में 20 से अधिक भर्ती एवं परीक्षा के पेपर लीक हो चुके हैं।
उनका कहना था कि छात्र जब इसके खिलाफ आवाज उठाते हैं तो उन्हें प्रताड़ित किया जाता है। उन्होंने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी जिम्मेदारी सरकार की है, लेकिन दोषियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ बर्बर व्यवहार लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्ग अपने बच्चों के बेहतर भविष्य और नौकरी की उम्मीद रखता है, लेकिन परीक्षाओं में कथित धांधली और भ्रष्टाचार से युवाओं का भरोसा टूट रहा है। अखिलेश यादव ने दावा किया कि युवाओं में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है और यही असंतोष दिल्ली में हो रहे प्रदर्शनों में दिखाई दे रहा है।
Also Read: CJP का विजेता दहिया पर एक्शन, बर्गर वाला वीडियो वायरल होने के बाद प्रवक्ता पद से हटाया

