NEET विवाद पर छात्रों के समर्थन में उतरीं प्रीति जिंटा, सोनम वांगचुक से की यह अपील
Preity Zinta: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा ने NEET परीक्षा से जुड़े विवाद और छात्रों के आंदोलन पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक तथा छात्र संगठनों के साथ सार्थक बातचीत शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि इससे आंदोलन का समाधान निकल सकेगा और वांगचुक की सेहत भी खराब होने से बच सकेगी।
सोनम वांगचुक से अनशन खत्म करने की अपील
प्रीति जिंटा ने अपनी पोस्ट में सोनम वांगचुक से अनशन समाप्त करने का आग्रह भी किया। उन्होंने लिखा कि उनकी सेहत भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितनी शिक्षा व्यवस्था में सुधार की लड़ाई। अभिनेत्री ने कहा कि सोनम वांगचुक और आंदोलन कर रहे छात्र देश के युवाओं के भविष्य के लिए संघर्ष कर रहे हैं और उन्हें इस मुहिम में उनका पूरा समर्थन है। साथ ही उन्होंने सभी छात्रों के लिए हौसला और शक्ति की कामना की।
NEET विवाद और आंदोलन पर बढ़ी राजनीतिक हलचल
गौरतलब है कि NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन लगातार जारी है। इस मुद्दे पर विभिन्न छात्र संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठा रहे हैं। सोमवार को ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान प्रदर्शन के समय पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई।
हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन, आंसू गैस और लाठीचार्ज का सहारा लिया तथा कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया। इस पूरे विवाद पर जहां विपक्ष सरकार को घेर रहा है, वहीं अब फिल्म जगत की कई हस्तियां भी अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रही हैं।
Also read: Congress Protest: PM आवास के बाहर हाईवोल्टेज ड्रामा, राहुल-अखिलेश हिरासत में लिए गए

