रात में नहीं आती नींद तो ट्राई करें केले के छिलके की चाय, जानें तरीका और फायदे
Banana Peel Tea: रात में बिस्तर पर जाने के बाद अगर लंबे समय तक नींद नहीं आती और बार-बार करवट बदलनी पड़ती है, तो इसका असर अगले दिन की ऊर्जा और मूड पर पड़ सकता है। Johns Hopkins Medicine की स्टडी के अनुसार पर्याप्त नींद न मिलने से याददाश्त, मानसिक स्थिति और शरीर की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है।
ऐसे में कई रिसर्च में केले के छिलके से बनी चाय यानी बनाना पील टी को बेहतर नींद के लिए उपयोगी बताया गया है। आमतौर पर लोग केले का सेवन करते हैं और उसका छिलका फेंक देते हैं, लेकिन इसमें भी कई पोषक तत्व पाए जाते हैं।
केले के छिलके में मौजूद तत्व कैसे करते हैं मदद
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी की स्टडी के अनुसार केले में विटामिन C, विटामिन B6, फाइबर, पोटैशियम, मैग्नीशियम, मैंगनीज, ट्रिप्टोफैन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे तत्व पाए जाते हैं। जर्नल ऑफ डिप्रेशन एंड एंग्जायटी की रिपोर्ट में बताया गया कि नींद की समस्या से परेशान 50 लोगों पर 4 सप्ताह तक किए गए क्लिनिकल ट्रायल में केले के छिलके के अर्क के सेवन से नींद संबंधी परेशानी में कमी देखी गई।

केले के छिलके में मौजूद ट्रिप्टोफैन शरीर में सेरोटोनिन और फिर मेलाटोनिन बनाने में मदद करता है। मेलाटोनिन हार्मोन नींद को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाता है। वहीं मैग्नीशियम शरीर और दिमाग को रिलैक्स करने में मदद करता है, जबकि पोटैशियम मांसपेशियों को आराम देने में सहायक हो सकता है।
कैसे बनाएं केले के छिलके की चाय
बनाना पील टी बनाने के लिए केले को अच्छी तरह धोकर छिलके सहित पानी में 8 से 10 मिनट तक उबाल सकते हैं। इसके बाद इसे छानकर पी लें। स्वाद के लिए इसमें दालचीनी या शहद मिलाया जा सकता है। दूसरा तरीका है कि छिलके को सुखाकर उसका पाउडर बनाएं और फिर गर्म पानी में उबालकर चाय तैयार करें।
हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि नींद न आने की समस्या में सिर्फ इस चाय पर निर्भर नहीं रहना चाहिए। अगर लगातार इंसोम्निया की परेशानी बनी रहती है तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
Also Read: अस्थमा में फेफड़ों के लिए कितने जरूरी हैं Vitamin A और D? जानिए क्या कहती है नई स्टडी

