भारत बना Youth Hockey5s एशियन चैंपियन, फाइनल में पाकिस्तान को हराया; वर्ल्ड कप का टिकट भी पक्का

Sports News: भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया।

शनिवार (25 जुलाई) को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।

इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहने का रिकॉर्ड भी कायम रखा और अगले साल होने वाले पहले FIH यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया।

फाइनल मुकाबले में भारत की ओर से रोमित पाल, कप्तान केतन कुशवाहा और शाहरुख अली ने एक-एक गोल दागा।

मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा और शानदार पासिंग व मजबूत डिफेंस के दम पर खेल पर अपना नियंत्रण कायम रखा।

रोमित पाल ने पांचवें मिनट में गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले हाफ में पाकिस्तान भारतीय रक्षा पंक्ति को भेदने में पूरी तरह नाकाम रहा और भारत बढ़त के साथ ब्रेक तक पहुंचा।

 Youth Hockey5s Asian Championship

दूसरे हाफ में भारत ने किया मैच पर कब्जा

ब्रेक के बाद भारतीय टीम ने आक्रामक खेल जारी रखा। कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट में दूसरा गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी।

इसके एक मिनट बाद शाहरुख अली ने तीसरा गोल दागकर पाकिस्तान की वापसी की उम्मीदों पर विराम लगा दिया।

पाकिस्तान के लिए मुहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एक गोल जरूर किया, लेकिन तब तक मुकाबला भारत के पक्ष में जा चुका था।

महिला टीम ने जीता रजत पदक

भारतीय महिला सब-जूनियर टीम ने भी पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि फाइनल में उसे चीन के खिलाफ करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा और टीम को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

इस तरह भारत की दोनों टीमों ने टूर्नामेंट का समापन पदक के साथ किया।

हॉकी इंडिया ने घोषित किया नकद पुरस्कार

भारतीय टीमों के शानदार प्रदर्शन के बाद हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की।

पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे।

वहीं, महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये तथा सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा।

हॉकी इंडिया ने दी बधाई

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने दोनों टीमों को बधाई देते हुए कहा कि युवा खिलाड़ियों ने देश का गौरव बढ़ाया है और भविष्य में सीनियर स्तर पर भी भारत के लिए बड़ी सफलताएं हासिल करेंगे।

महासचिव भोला नाथ सिंह ने भी दोनों टीमों के अनुशासन, कौशल और जुझारूपन की सराहना करते हुए उनके प्रदर्शन को प्रेरणादायक बताया।

Also Read: IND vs ZIM: अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, 14 साल बाद वीरेंद्र सहवाग जैसा कारनामा करने वाले बने दूसरे भारतीय ओपनर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.