Varanasi: पैंट में पेशाब करना पड़ा भारी! टीचर ने 5 साल के बच्चे के प्राइवेट पार्ट को गर्म चाकू से जलाया
Varanasi News: वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर क्षेत्र स्थित एक प्ले स्कूल (Play School) में पढ़ने वाले 5 वर्षीय मासूम के साथ कथित तौर पर बेहद अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। आरोप है कि क्लास टीचर ने पैंट में पेशाब हो जाने से नाराज होकर बच्चे के निजी अंग (Private Part) को गर्म चाकू से जला दिया। घटना के बाद सहमा हुआ बच्चा घर पहुंचा और रोते हुए पूरी बात परिजनों को बताई। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित बच्चे के पिता पेशे से अधिवक्ता हैं। उन्होंने स्कूल प्रशासन और संबंधित शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बाथरूम जाने की अनुमति नहीं मिली, फिर हुआ हादसा
परिजनों के मुताबिक, 24 जुलाई को नर्सरी में पढ़ने वाले बच्चे ने क्लास के दौरान बाथरूम जाने की अनुमति मांगी थी। आरोप है कि शिक्षिका ने उसे जाने नहीं दिया। कुछ देर बाद बच्चे के कपड़ों में पेशाब हो गया, जिससे नाराज होकर शिक्षिका उसे दूसरे कमरे में ले गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वहां गैस पर चाकू गर्म कर बच्चे के निजी अंग को जला दिया गया। घर लौटने पर बच्चा दर्द से रो रहा था और उसने परिजनों को पूरी घटना बताई।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने संबंधित शिक्षिका से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद स्कूल की प्रिंसिपल से बात की गई, लेकिन उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
परिजनों का आरोप है कि अगले दिन स्कूल पहुंचने पर भी प्रबंधन ने सहयोग करने के बजाय मामले को गंभीरता से नहीं लिया।
मासूम की हालत और परिजनों की शिकायत के आधार पर लालपुर-पांडेयपुर थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। थाना प्रभारी अतुल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।

