SGPGI वैज्ञानिकों की बड़ी कामयाबी, लैब में तैयार की मानव हृदय वाल्व कोशिकाएं

Lucknow SGPGI: लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) के वैज्ञानिकों ने हृदय रोग के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के शोधकर्ताओं ने पहली बार मानव हृदय वाल्व इंटरस्टिशियल कोशिकाओं को सफलतापूर्वक अलग कर उन्हें प्रयोगशाला में विकसित किया है। इसे भविष्य में टिश्यू इंजीनियरिंग आधारित मानव हृदय वाल्व बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

SGPGI निदेशक प्रो. आर. के. धीमन ने इस उपलब्धि पर शोध टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता जैव-चिकित्सा अनुसंधान, नवाचार और ट्रांसलेशनल मेडिसिन के क्षेत्र में संस्थान की प्रतिबद्धता को दिखाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह शोध भविष्य में हृदय रोगियों के इलाज में नई संभावनाएं पैदा करेगा।

मरीजों के वाल्व ऊतकों से तैयार हुआ सेल मॉडल

इस शोध का नेतृत्व हृदय एवं वक्ष शल्य चिकित्सा विभाग के डॉ. शांतनु पांडे और मॉलिक्यूलर मेडिसिन एवं बायोटेक्नोलॉजी विभाग के डॉ. आलोक कुमार ने किया। वैज्ञानिकों ने वाल्व प्रत्यारोपण सर्जरी कराने वाले मरीजों से मिले ऊतकों से प्राथमिक मानव रूमेटिक वाल्व इंटरस्टिशियल कोशिका कल्चर तैयार किया।

यह मरीज आधारित सेल मॉडल रूमेटिक हृदय रोग में वाल्व को होने वाले नुकसान को समझने और नई दवाओं की जांच के लिए उपयोगी साबित होगा। इस शोध को अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका जर्नल ऑफ फिजियोलॉजी एंड बायोकैमिस्ट्री (स्प्रिंगर नेचर) में प्रकाशन के लिए स्वीकार किया गया है।

सूजन और फाइब्रोसिस रोकने में मिलेगी मदद

शोध में वैज्ञानिकों ने टीजीएफ-बीटा/एसएमएडी3 और ईआरके1/2 जैसे जैविक मार्गों की पहचान की, जो हृदय वाल्व में सूजन और फाइब्रोसिस के लिए जिम्मेदार होते हैं। शोध से पता चला कि रूमेटिक हृदय रोग केवल वाल्व की संरचना से जुड़ी समस्या नहीं, बल्कि लगातार चलने वाली सूजन और ऊतक क्षति की प्रक्रिया है।

इस अध्ययन में कई वैज्ञानिकों का योगदान रहा। शोध टीम में चरण साई रामिरेड्डी, अंजलि सिंह, मोहित के. राय, विकास अग्रवाल और डॉ. सुरेंद्र के. अग्रवाल शामिल रहे। पैथोलॉजी विभाग की डॉ. विनीता अग्रवाल ने भी हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के जरिए शोध को मजबूती दी। वैज्ञानिकों का मानना है कि यह खोज भविष्य में वाल्व खराब होने की प्रक्रिया को रोकने वाली दवाओं और उपचार तकनीकों के विकास में मददगार होगी।

Also Read: लखनऊ में छात्रों का प्रदर्शन, डिंपल यादव-अखिलेश समेत विपक्षी नेताओं के खिलाफ नारेबाजी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.