NEET प्रदर्शनकारियों पर बिहार सरकार का बड़ा फैसला, सभी FIR होंगे वापस, गिरफ्तार छात्र भी होंगे रिहा
Bihar NEET Protest: नीट-यूजी परीक्षा में गड़बड़ियों के विरोध में सड़कों पर उतरे छात्रों को बिहार सरकार ने बड़ी राहत देने का फैसला किया है। सरकार ने ऐलान किया है कि आंदोलन के दौरान दर्ज मामलों में नरमी बरती जाएगी। तय समय सीमा तक दर्ज FIR वापस ली जाएंगी, गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को रिहा किया जाएगा और भविष्य में भी उनके खिलाफ कोई प्रतिकूल कार्रवाई नहीं होगी।
सरकार के इस फैसले को उन छात्रों और परिवारों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है, जो विरोध प्रदर्शनों के दौरान दर्ज मुकदमों और कानूनी कार्रवाई को लेकर चिंता में थे।
छात्रों को क्या राहत मिलेगी?
बिहार सरकार के मुताबिक, 26 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे तक हुए NEET विरोध प्रदर्शनों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कोई दंडात्मक, प्रतिशोधात्मक या प्रतिकूल कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।
इसी के साथ, तय समय सीमा से पहले दर्ज सभी FIR, शिकायतों और कारण बताओ नोटिसों को वापस लेने की कानूनी प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाएगी। सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि इन मामलों में गिरफ्तार या हिरासत में लिए गए सभी छात्रों और प्रदर्शनकारियों (NEET Protesters) को जल्द रिहा किया जाएगा।
भविष्य में भी नहीं होगी कार्रवाई
सरकार ने यह भी भरोसा दिया है कि 26 जुलाई 2026 की शाम 6 बजे से पहले दर्ज मामलों में नामित लोगों के खिलाफ भविष्य में भी इन्हीं मामलों के आधार पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि NEET पेपर लीक के आरोपों के बाद बिहार (Bihar) के कई जिलों में छात्रों ने व्यापक प्रदर्शन (NEET Protest) किए थे। इस दौरान कई स्थानों पर पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था। अब सरकार के फैसले से इन छात्रों को बड़ी कानूनी राहत मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
Also Read: ‘गारंटी निभाओ, वरना युवा फिर सड़क पर उतरेगा’, CJP ने फिर सरकार को दिया अल्टीमेटम

