Ghazipur News: मुख्तार अंसारी गैंग पर बड़ा एक्शन, 145 हथियारों की जांच, अफजाल अंसारी समेत 4 पर FIR दर्ज

Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस ने दिवंगत माफिया मुख्तार अंसारी के गैंग (आईएस-191) के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।

शस्त्र लाइसेंसों और हथियारों के भौतिक सत्यापन के दौरान सामने आई गंभीर अनियमितताओं के आधार पर गाजीपुर जिले में पांच नए मुकदमे दर्ज किए गए हैं।

जांच में कई लाइसेंसों की मूल पत्रावलियां और हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े अभिलेख गायब मिले हैं। इन मामलों की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।

43 लोगों के लाइसेंस और 80 से अधिक हथियारों का सत्यापन

पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर यूपी एसटीएफ की रिपोर्ट के आधार पर वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी ने व्यापक जांच कराई।

इस दौरान मुख्तार अंसारी के परिवार के पांच सदस्यों, गैंग के 11 सहयोगियों और 27 अन्य लाइसेंसधारकों समेत कुल 43 लोगों के शस्त्र लाइसेंसों और 80 से अधिक हथियारों का भौतिक सत्यापन किया गया।

जांच में कई मामलों में जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय, गाजीपुर से मूल फाइलें और खरीद-बिक्री से जुड़े दस्तावेज गायब पाए गए।

पुलिस का आरोप है कि लाइसेंसधारकों ने तत्कालीन शस्त्र लिपिकों और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से अभिलेख गायब कराए, जिससे हथियारों की वास्तविक स्थिति छिपाई जा सके।

Ghazipur News

अफजाल अंसारी और अफसा बेगम समेत कई नामजद

इस कार्रवाई के तहत गाजीपुर कोतवाली और मुहम्मदाबाद थाने में कुल पांच एफआईआर दर्ज की गई हैं।

इनमें गाजीपुर से सांसद अफजाल अंसारी, मुख्तार अंसारी की पत्नी अफसा बेगम, कई तत्कालीन शस्त्र लिपिकों तथा अन्य अधिकारियों को नामजद किया गया है।

एफआईआर में आरोप है कि शस्त्र लाइसेंसों से संबंधित मूल रिकॉर्ड गायब कराए गए, हथियारों की खरीद-बिक्री का पूरा विवरण उपलब्ध नहीं कराया गया और कुछ मामलों में हथियारों का भौतिक सत्यापन भी संभव नहीं हो सका।

एक मामले में गैंग के सहयोगी पर फर्जी पते के आधार पर शस्त्र लाइसेंस हासिल करने का भी आरोप लगाया गया है।

एसआईटी करेगी पूरे मामले की जांच

पुलिस उपमहानिरीक्षक, वाराणसी परिक्षेत्र ने इन सभी मामलों की विवेचना के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), गाजीपुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है।

एसआईटी संबंधित तत्कालीन और वर्तमान शस्त्र लिपिकों, प्रभारी अधिकारियों तथा अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच करेगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अन्य लाइसेंसों की जांच भी जारी

पुलिस के अनुसार, मुख्तार अंसारी गैंग, उसके परिजनों और सहयोगियों को जारी अन्य शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन अभियान अभी जारी है।

जांच के दौरान यदि कोई नई अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: ‘जिन्न ने दिया था कत्ल का हुक्म’, बरेली में दिनदहाड़े व्यापारी की हत्या के बाद आरोपी का दावा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.