चक्रवात अर्नब को लेकर अमित शाह ने 4 राज्यों के मुख्यमंत्रियों से की बात, हर संभव मदद का दिया भरोसा

Sandesh Wahak Digital Desk: चक्रवात अर्नब से उत्पन्न आपदा की स्थिति से निपटने के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह हरकत में आ गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने चक्रवात के प्रभाव को देखते हुए आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने आपदा से प्रभावित लोगों की समस्याओं को कम करने के लिए केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें मैदानी स्तर पर सक्रिय हैं और युद्धस्तर पर बचाव व राहत कार्य संचालित कर रही हैं। इसके अलावा, चक्रवात से हुए नुकसान का सटीक आकलन करने और आगे की आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए जल्द ही एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल (IMCT) प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर भेजा जाएगा। उन्होंने दोहराया कि भारत सरकार इस संकट की घड़ी में प्रभावित राज्यों के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है।

आंध्र प्रदेश में भारी तबाही, सीएम नायडू ने मांगी वित्तीय मदद

इससे पहले 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने भी केंद्रीय गृह मंत्री से फोन पर बात कर राज्य के ताजा हालात से उन्हें अवगत कराया था। सीएम नायडू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट के जरिए बताया कि चक्रवात और भारी बारिश से राज्य में कृषि, बागवानी फसलों, बिजली नेटवर्क, सड़कों तथा अन्य सार्वजनिक संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित जिलों में राज्य सरकार व्यापक स्तर पर राहत अभियान चला रही है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से अपील की कि नुकसान का जायजा लेने के लिए तुरंत केंद्रीय टीमें भेजी जाएं, ताकि राहत, पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं की बहाली के लिए केंद्र से वित्तीय मदद मिल सके।

Also Read: UP News: आजम खान को हाईकोर्ट से राहत, बेटे अब्दुल्ला के साथ मिली जमानत, सजा निलंबित

Get real time updates directly on you device, subscribe now.